सारण:एकमा में प्रधानाध्यापकों की बैठक, विद्यालयों की समस्याओं पर मंथन: विधायक नै दिए एरियर भुगतान का निर्देश

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

एकमा (सारण)। एकमा प्रखंड व नगर क्षेत्र के प्रारंभिक से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालयों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को एकमा में प्रधानाध्यापकों व प्रधान शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह बीआरसी समन्वयक योगेंद्र बैठा ने की। यह बैठक स्थानीय विधायक मनोरंजन कुमार सिंह उर्फ धूमल सिंह के निर्देश पर प्रखंड स्तर पर तीन चरणों में अलग-अलग स्थानों व समय पर आयोजित की गई।


बैठक की शुरुआत में मौजूद प्रधानाध्यापकों और शिक्षक नेताओं ने विधायक मनोरंजन कुमार सिंह उर्फ धूमल सिंह का फूल-माला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इस दौरान शिक्षक नेता व प्रधानाध्यापक मंजीत कुमार तिवारी, अरुण कुमार सिंह, समरेंद्र बहादुर सिंह, कुमार रश्मि रंजन, दीपक कुमार, शैलेश कुमार सिंह सहित अन्य प्रधानाध्यापकों व प्रधान शिक्षकों ने विधायक का अभिनंदन किया।

- Sponsored Ads-


अपने संबोधन में शिक्षक नेता मंजीत कुमार तिवारी ने कहा कि विधायक धूमल सिंह तथा राज्य सरकार के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के परसागढ़ और लहलादपुर में दो डिग्री कॉलेज खोलने की स्वीकृति मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही विद्यालयों में शिक्षक, भवन, किताब, कॉपी, स्कूल बैग, ड्रेस और साइकिल जैसी विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।


वहीं विधायक मनोरंजन कुमार सिंह उर्फ धूमल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विधायक ने बीईओ को एक सप्ताह के भीतर नियमानुसार शिक्षकों के लंबित एरियर भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश भी दिया।


बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं की स्थिति, छात्र-छात्राओं के नामांकन, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।


निर्धारित कार्यक्रम के तहत पहले चरण में उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों की बैठक अलख नारायण सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय, एकमा में आयोजित की गई। वहीं दूसरे चरण में एकमा अंचल-1 और अंचल-2 के सभी प्राथमिक, मध्य और माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा प्रधान शिक्षकों की बैठक प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) एकमा में हुई।
इस मौके पर बीईओ सह बीआरसी समन्वयक योगेंद्र बैठा ने सभी प्रधानाध्यापकों और प्रधान शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय पर विद्यालय में मौजूद रहते हुए सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ छात्रों तक पहुंचाएं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रखंड जदयू अध्यक्ष सह बीस सूत्री अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, विपिन सिंह, मंजीत कुमार तिवारी, अरुण कुमार सिंह, समरेंद्र बहादुर सिंह, कुमार रश्मि रंजन, रंजन कुमार, शैलेश कुमार सिंह, दीपक कुमार, अभिषेक कुमार तिवारी, सुधीर कुमार सिंह, उमेश कुमार साह, राजेंद्र सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक व प्रधान शिक्षक मौजूद रहे।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment