🔴 नरेन्द्र नारायण यादव ने गांव में मुखिया पद से शुरू की थी अपनी राजनीति पारी।
🔴 2014 में सीएम बनते-बनते रह गए थे नरेंद्र नारायण यादव।
🔴 जेपी आंदोलन के दौरान एक्टिव पॉलिटिक्स में आए एनएन यादव।
सी.के.झा / पटना।
जदयू के वरिष्ठ नेता सह आलमनगर विधानसभा के विधायक नरेंद्र नारायण यादव के लिए शुक्रवार 23 फरवरी का दिन बेहद खास रहा। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास कहे जाने वाले बिहार विधानसभा का मधेपुरा जिला के आलमनगर विधानसभा का विधायक को बिहार विधानसभा का निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया।
श्री यादव को इस पद के लिए चुने जाने के बाद जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कई विपक्षी नेताओं ने उन्हें बधाई दी वहीं बिहार सहित आलमनगर विधानसभा के जदयू और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई व शुभकामनाएं दी है।
🔴 उपाध्यक्ष पद के चुनाव हेतु नामांकन दाखिला पर एक नजर:
गुरुवार को ही श्री यादव ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। जिसमें बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से आलमनगर विधानसभा के जदयू विधायक नरेंद्र नारायण यादव को 19वां उपाध्यक्ष चुन लिया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने उनके प्रस्तावकों के नाम की घोषणा की और निर्वाचित घोषित किया। बताते चलें कि इस पद पर वर्तमान समय में महेश्वर हजारी तैनात थे। बीते दिनों उन्होंने स्वेच्छा से अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था, जिसके बाद रिक्त पद पर नरेंद्र नारायण यादव ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था।
🔴 नरेन्द्र नारायण यादव से पत्रकारों की बातचीत:
पत्रकारों से बात करते हुए श्री यादव ने कहा, “मुझे यह अवसर प्रदान करने के लिए मैं अपने सदन के नेता और अन्य एनडीए नेताओं का आभारी हूॅ। मैंने सदन के सभी विधायकों को आश्वासन दिया है कि मैं संवैधानिक कर्तव्य निभाते हुए निष्पक्ष रहूंगा।” नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष ने कहा कि सभी विपक्षी सदस्यों से प्रश्नकाल के दौरान सदन में व्यवधान पैदा नहीं करने का आग्रह किया गया है। उन्होने कहा,’जो जिम्मेदारी मिली है उसको मैं बड़ी मुस्तैदी के साथ निभाने का प्रयास करूंगा और पक्ष और विपक्ष दोनों की बात मैं निष्पक्ष रूप से सुनूंगा। जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर सदन में चर्चा होनी चाहिए।’
🔴 नरेन्द्र नारायण यादव के राजनीति परिचय:
नरेंद्र नारायण यादव मधेपुरा के आलमनगर विधानसभा के पुरैनी प्रखंड के कुरसंडी पंचायत के बालूटोल निवासी हैं। उनका राजनीतिक सफर मुखिया,जिला परिषद,जदयू जिलाध्यक्ष,विधायक,मंत्री एवं बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष पद तक पहुंचा। आलमनगर विधानसभा चुनाव क्षेत्र से श्री यादव जीतकर आते रहे हैं। वो 1995 से लगातार अब तक विधानसभा पहुंचने वाले पुराने सदस्यों में शामिल हैं। 2005 एवं 2010 में बिहार सरकार में दो बार मंत्री बने। 1951 में जन्मे 73 वर्षीय श्री यादव जेपी आंदोलन से लेकर अबतक राजनीति में अपनी इमानदार छवि के चलते जहां पार्टी में आगे बढ़ते रहे वहीं विधानसभा में भी सभी के दिलों पर अपना छाप उन्होंने छोड़ी है। बताया जाता है कि 2014 में बिहार के मुख्यमंत्री पद पर पहुंचने से वो चुक गए थे।
🔴 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी बधाई व शुभकामनाएं:
इस मौके पर जदयू नेता चंद्रशेखर सिंह,भाजपा के आइटी सेल विधानसभा संयोजक चंदन कुमार झा,मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह व महामंत्री गणगण चौधरी सहित अन्य कहते हैं कि नरेंद्र नारायण यादव को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जाना आलमनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इन लोगों ने संयुक्त बयान में कहा कि विधायक श्री यादव इमानदार और मिलनसार प्रवृत्ति के नेता हैं। इन्होंने क्षेत्र की जनता को भगवान समझकर उनके सुख-दुख में हर हमेशा साथ रहकर उनके दिलों पर राज किया है। इसी प्रेम के प्रतिफल से आज तक लगातार विधानसभा क्षेत्र से चुनते रहे और आज जनता के ही आशीर्वाद से विधानसभा उपाध्यक्ष पद पर आसीन हुए। सभी ने विधायक श्री यादव के उपाध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
इस अवसर पर खाड़ा के वर्तमान मुखिया सह भाजपा नेता ध्रुव कुमार ठाकुर,पूर्व मुखिया सुनिल कुमार सिंह,पत्रकार संजीव कुमार कश्यप,सुमन कुमार सिंह एवं गुड्डू कुमार ठाकुर,सरपंच प्रतिनिधि मंजय प्रसाद सिंह,कांग्रेस नेता जवाहर मिश्रा,खाड़ा की पूर्व मुखिया मदुला देवी,भाजपा नेता सुभाषचंद्र सिंह,भाजपा के पंचायती राज प्रकोष्ठ के उदाकिशुनगंज दक्षिणी मंडल संयोजक मनोज कुमार सिंह, पूर्व सरपंच मुकेश कुमार सिंह,मंडल उपाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता,नयानगर पंचायत के वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि रूपेश झा, पूर्व मुखिया अब्दुल अहद,भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा,हीरा प्रसाद सिंह,अशोक सिंह,उदाकिशुनगंज के जदयू के प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप मंडल,भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष शालिग्राम भारती,भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के मंडल संयोजक सह खाड़ा पैक्स अध्यक्ष कमलेश कुमार झा,बुधामा मुखिया पंकज कुमार सिंह,राकेश रंजन, अश्फाक आलम सहित सैकड़ों लोगों ने नरेंद्र नारायण यादव को बधाई व शुभकामनाएं दी है।