सीवान: दैनिक अखबार के पत्रकार पर हुई गोलीबारी मामले में नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले शहर के दर्जनों पत्रकारों ने डीएम विवेक रंजन मैत्रेय एवं एसपी पूरन कुमार झा से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी ज्ञापन भेजा गया है।यह कदम गुरुवार रात पचरुखी थाना क्षेत्र में दैनिक अखबार के प्रखंड रिपोर्टर रमेश कुमार सिंह जसौली गांव निवासी पर हुए गोलीकांड के विरोध में उठाया गया।

घटना के अनुसार, रमेश सिंह एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे, तभी भवानी मोड़ के पास दो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उन पर पहले से घात लगाकर फायरिंग की। गोली उनके पेट में लग गई. जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ज्ञापन में पत्रकारों ने 20 सूत्रीय मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से रमेश सिंह पर हमला करने वाले आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग शामिल है।साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा, हमलों पर सख्त कार्रवाई और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की गई.पत्रकार समुदाय ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
यह घटना बिहार में पत्रकारों पर बढ़ते हमलों की ओर इशारा करती है, जहां पहले भी सीवान में राजदेव रंजन जैसी हत्याएं हो चुकी हैं. एसपी ने आश्वासन दिया है कि जांच तेज होगी और दोषियों को सजा मिलेगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, प्रमंडलीय अध्यक्ष निरंजन कुमार, जिलाध्यक्ष मनीष कुमार गिरी, उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, पंकज कुमार, सचिन राज, तरुण कुमार, नितिन कुमार, राहुल, अंकेश, रिंकू, नजरे आलम सहित दर्जनों पत्रकार शामिल रहे।
