अजमेर में कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी, बोले- देश को बदनाम करना पुरानी आदत

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

17 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण
21,800 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिले

(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर/ अजमेर के कायड़ विश्रामस्थली में शनिवार को आयोजित सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की देश और सेनाओं को बदनाम करने की पुरानी आदत रही है और वह अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भी भारत की छवि खराब करने की कोशिश करती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पहले ‘इंडियन नेशनल कांग्रेस’ थी, लेकिन अब उसका स्वरूप बदल गया है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के प्रयासों के बीच ऐसी राजनीति उचित नहीं है।

- Sponsored Ads-

प्रधानमंत्री ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में दुनिया के कई देशों के शीर्ष नेता और बड़ी कंपनियों के प्रमुख भारत की प्रशंसा कर रहे हैं। उनके अनुसार, इससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ा है और देश की क्षमता को नई पहचान मिली है।

17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण
सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 17 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इन प्रोजेक्ट्स के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और राजस्थान विकास के नए पथ पर आगे बढ़ेगा।

21,800 युवाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में 21,800 युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मंच पर अंकिता मीणा, जिन्हें सीएचसी ऑफिसर के पद पर नियुक्ति मिली और मुकेश प्रजापत, जिन्हें जूनियर इंजीनियर के पद पर नियुक्ति दी गई, को प्रधानमंत्री ने स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में पेपर लीक की खबरें सामने आती थीं, लेकिन अब पारदर्शिता के साथ युवाओं को अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ
प्रधानमंत्री ने 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान की शुरुआत भी की। उन्होंने इसे सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया और कहा कि इससे बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ‘डबल इंजन’ मॉडल के तहत विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और केंद्र व राज्य सरकार मिलकर प्रदेश के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही हैं।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment