(हरिप्रसाद शर्मा) अराई/किशनगढ़/
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 28 फरवरी 2026 को कायड़ विश्रामस्थली अजमेर में प्रस्तावित ऐतिहासिक जनसभा को सफल बनाने के लिए गुरुवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने अराई पंचायत समिति सभागार में आयोजित किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा अराई एवं बोराड़ा मंडल की संयुक्त बैठक को संबोधित किया।
बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों एवं आमजन को बड़ी संख्या में जनसभा स्थल तक लाने के लिए घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने का आग्रह किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि अजमेर का जन-जन अपने प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर उत्साहित और आनंदित है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े ग्यारह वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश में मजबूत आधारभूत संरचना के निर्माण, किसानों के सशक्तिकरण, गरीब एवं जरूरतमंद वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और समावेशी विकास सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
चौधरी ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मूल मंत्र को साकार करते हुए आज भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। आर्थिक, आधारभूत संरचना, कृषि, तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों की गूंज पूरे विश्व में सुनाई दे रही है। देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकजुटता के साथ जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
संगठन की इस तैयारी बैठक में जिला उपाध्यक्ष किशनगोपाल दरगढ़, अराई मंडल अध्यक्ष शिवरतन सिंह राठौड़, बोराड़ा मंडल अध्यक्ष रणजीत खोड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामसिंह राठौड़, मंडल महामंत्री जतन चौधरी, किशन माकड़, निर्मल भंडिया, हरेंद्र चौधरी, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
