महिला अधिवक्ता सुनीता ने कहा महिलाओं का सम्मान ही राष्ट्र का उत्थान
छपरा। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में छपरा विधायक छोटी कुमारी ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि “नारी शक्ति का सम्मान ही सशक्त लोकतंत्र की असली पहचान है।” उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विधायक ने कहा कि “देश और समाज के विकास में महिलाओं की बराबर की भागीदारी जरूरी है, और सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठा रही है।” इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया।
“नारी शक्ति वंदन” विषय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान महिला अधिवक्ता सुनीता जी ने समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके अधिकारों पर सशक्त तरीके से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सशक्त पहचान भी है।
प्रेस वार्ता में अधिवक्ता ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जब तक समाज में महिलाओं को समान सम्मान और अवसर नहीं मिलेगा, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है।” उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को राष्ट्र निर्माण की अनिवार्य शर्त बताया।
उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं, लेकिन अभी भी कई चुनौतियां मौजूद हैं, जिन्हें दूर करने के लिए समाज और सरकार दोनों को मिलकर प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य महिलाओं ने भी नारी सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार रखे और इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। प्रेस वार्ता कुछ में उपस्थित महिलाओं में महिला मोर्चा के अनु सिंह, संध्या सिंह एवं नीलम सिह आदि प्रमुख रही।
