14 सूत्री मांगों पर छात्रों का दबाव, जांच और सुधार का कुलपति ने दिया आश्वासन
छपरा। छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आर एस ए के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जयप्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कुलपति का घेराव किया, पुतला दहन किया तथा 14 सूत्री मांग-पत्र सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्नातक सेमेस्टर–III (सत्र 2023–27) के प्रकाशित परिणाम में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। कई छात्रों के अंकपत्रों में ईएसई एवं सीआईए के अंक एक समान अथवा एक ही पैटर्न पर दिए गए हैं, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने परिसर में कुलपति का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। बता दें कि स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बनी रही। इस दौरान कुलपति को परिसर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा के समीप बैठाकर छात्र हितों की रक्षा की शपथ दिलाई गई। वार्ता के दौरान कई बार तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हुई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कुलपति का पुतला दहन कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
संगठन द्वारा सौंपे गए 14 सूत्री मांग-पत्र में प्रमुख रूप से सेमेस्टर–III के परिणाम की उच्चस्तरीय जांच, उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन, त्रुटिपूर्ण परिणाम को वापस लेकर संशोधित परिणाम जारी करने, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई तथा विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक सुधार सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा छात्रों ने विश्वविद्यालय में स्नात्तकोत्तर स्तर पर नए विषयों की पढ़ाई शुरू करने, लंबित परीक्षाओं और परिणामों को शीघ्र जारी करने, संबद्ध कॉलेजों में शैक्षणिक सुविधाएं बहाल करने तथा परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित करने की भी मांग उठाई।
वार्ता के दौरान कुलपति ने सभी 14 मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद आंदोलनकारी शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
प्रदर्शन में संगठन के संरक्षक उज्जवल कुमार सिंह, आशीष यादव उर्फ गुलशन यादव, प्रमेन्द्र सिंह कुशवाहा, परमजीत कुमार सिंह, लाल छोटूआ, विशाल सिंह बॉक्सर, जयराम महतो, अब्दुल्ला, नसीमा परवीन, अजीमा, पूजा, रितु, नेहा, सपना, आरती सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे ।
