सारण:मलखाचक के यशस्वी राज वर्धन ने UPSC में हासिल की ऑल इंडिया 11वीं रैंक

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

यूपीएससी में 11वीं रैंक लाकर यशस्वी राज वर्धन ने बढ़ाया सारण का मान

दिघवारा। सारण जिले के दिघवारा प्रखंड अंतर्गत मलखाचक गांव के निवासी यशस्वी राज वर्धन ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया स्तर पर 11वीं रैंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे गांव सहित जिले में खुशी की लहर है।

- Sponsored Ads-


यशस्वी राज वर्धन प्रसिद्ध चिकित्सक रहे स्वर्गीय डॉ. आर.पी. सिंह के पौत्र तथा आईएएस अधिकारी सह सहकारिता विभाग के निबंधक रजनीश सिंह व नीलिमा सिंह के पुत्र हैं।परिवार में शुरू से ही शिक्षा और सेवा की परंपरा रही है, जिसका परिणाम यशस्वी की इस सफलता के रूप में सामने आया है।


यशस्वी की प्रारंभिक शिक्षा पटना स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से हुई है। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई दिल्ली के प्रतिष्ठित मॉडर्न स्कूल से पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली से कंप्यूटर साइंस में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था और कड़ी मेहनत व अनुशासन के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।


यशस्वी की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही मलखाचक गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में गर्व और खुशी का माहौल है। गांव के लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजन, रिश्तेदार, मित्र तथा क्षेत्र के बुद्धिजीवी और जनप्रतिनिधि पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि यशस्वी की सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी उच्च लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत के साथ आगे बढ़ेंगे।


यशस्वी राज वर्धन की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और समाजसेवियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता से सारण जिले का मान-सम्मान पूरे देश में बढ़ा है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment