*रिविलगंज । बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए शुक्रवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रिविलगंज के पूर्वी सेमरिया स्थित माँ अंबे कोचिंग सेंटर के सभागार में आयोजित हुआ, जहां सफल विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के जिला अध्यक्ष कमल किशोर सहायक उपस्थित रहे।

उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं कोचिंग संचालक नीरज कुमार श्रीवास्तव को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में जाना हो, उसी पर ध्यान केंद्रित कर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर वे हमेशा छात्रों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस अवसर पर समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष एवं सारण जिला पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव तथा ईटीवी भारत के पत्रकार पंकज कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने छात्रों को निरंतर मेहनत करने और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी, साथ ही कहा कि आज के ये मेधावी छात्र-छात्राएं आने वाले समय में समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।पत्रकार पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों का मनोबल बढ़ाते झुये सफलता की शुभकामनाए दी।समारोह के दौरान अतिथियों एवं कोचिंग संचालक द्वारा छात्र-छात्राओं को मेडल, किताब एवं कलम देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
कोचिंग संस्थान के संचालक नीरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि उनके छात्रों ने कड़ी मेहनत की है और उसी का परिणाम है कि उन्होंने अच्छे अंक प्राप्त कर अपने माता-पिता, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल मार्गदर्शन करते हैं, लेकिन सफलता उन्हीं छात्रों को मिलती है जो उस मार्गदर्शन पर अमल करते हैं।
सम्मानित होने वाले प्रमुख छात्र-छात्राओं में अर्चना कुमारी (प्रथम – 410 अंक), रघुवीर कुमार राय (द्वितीय – 400 अंक), थर्ड (371 अंक), लक्ष्मी कुमारी (चतुर्थ – 369 अंक), नीतू कुमारी (पंचम – 365 अंक), आदित्य कुमार (षष्ठ – 362 अंक), रामानंद कुमार (सप्तम – 348 अंक), आस्था कुमारी (अष्टम – 334 अंक), इस्तफाक राजा (नवम – 330 अंक), विराट कुमार साह (दशम – 325 अंक), पम्मी कुमारी (एकादश – 322 अंक), रीमा कुमारी (द्वादश – 317 अंक) एवं कल्याणी कुमारी (त्रयोदश – 300 अंक) शामिल हैं।विद्यार्थियों ने अपने गुरु नीरज सर के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इन्होंने विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देने के प्रति सदैव आगे आये है जिसका परिणाम है कि हम सभी अच्छे अंक से उतीर्ण हुए है।यहाँ का पठन पाठन उत्कृष्ट है।कार्यक्रम का समापन छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।मौके पर पत्रकार धनपत कुमार,रूपेश कुमार श्रीवास्तव ,इंजीनियरिंग छात्र रौनक राज सहित कई अन्य उपस्थित थे।
