वैशाली:जिला परिवहन कार्यालय में जिलाधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण के क्रम में दलाल गिरफ्तार, अव्यवस्था व गंदगी पर जिला पदाधिकारी सख्त

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-


डॉ0 संजय (हाजीपुर)-जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह द्वारा जिला परिवहन कार्यालय, वैशाली (हाजीपुर) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग से संबंधित आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सभी सेवाओं की काउंटर-वार गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में फिटनेस प्रमाण पत्र निर्गत करने, टैक्स टोकन जारी करने, नए वाहन निबंधन, विभिन्न प्रकार के शुल्क संग्रह, वाहन स्वामित्व एवं पता परिवर्तन, अस्थायी एवं स्थायी निबंधन सहित अन्य परिवहन सेवाओं से संबंधित कार्यों की विस्तृत जांच की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा यह भी जांच किया गया कि नागरिकों से आवेदन प्राप्त करने की निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा का विधिवत अनुपालन हो रहा है अथवा नहीं।
निरीक्षण के दौरान ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य परिवहन कार्यों से संबंधित अवैध गतिविधियों में संलिप्त एक दलाल(अशोक कुमार चौधरी) को चिन्हित कर मौके पर पकड़ लिया गया जिसे विधिसम्मत कार्रवाई के लिए टाउन थाना, हाजीपुर को सुपुर्द किया गया।
औचक निरीक्षण के समय सदर अनुमंडल पदाधिकारी, हाजीपुर, वरीय कोषागार पदाधिकारी, वैशाली तथा अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), वैशाली उपस्थित थे।


निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि जिला परिवहन कार्यालय में केवल जिला परिवहन पदाधिकारी एवं कुछ ही कर्मी उपस्थित थे जबकि बड़ी संख्या में कर्मी अनुपस्थित पाए गए। इनमें राकेश कुमार (एमभीआई) और विकास कुमार (एमभीआई) अनुपस्थित पाए गए जबकि मुन्ना कुमार (कंप्युटर ऑपरेटर) के देरी से आने पर जिलाधिकारी द्वारा एक दिन के मानदेय को स्थगित करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित पदाधिकारी,कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सभी को सख्त निर्देश दिए गए कि विभागीय नियमानुसार और सरकारी कार्यालय की गोपनीयता बरकरार रखते हुए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य किया जाए |

- Sponsored Ads-


इसके अतिरिक्त कार्यालय परिसर, शौचालय एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग स्थलों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से साफ-सफाई, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया।साथ ही सीसीटीवी कैमरा से पूरे परिसर को आच्छादित करने का निर्देश दिया गया।उन्होंने सख्त निदेश दिया कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ वातावरण नागरिकों के सम्मान एवं सुचारु सेवा व्यवस्था का अनिवार्य रूप से स्थापित किया जाए।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि परिवहन कार्यालय में पारदर्शिता, अनुशासन, स्वच्छता एवं समयबद्ध सेवा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को बिना किसी असुविधा, अव्यवस्था एवं दलाली के सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment