सीवान :बिहार दिवस के अवसर पर कला संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं एसपी पूरन कुमार झा ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। वहीं कार्यक्रम की शुरुआत शहर की प्रसिद्ध संस्था नृत्योदय द परफॉर्मिंग आर्ट्स (नटपा) की प्रशिक्षु नृत्यांगनाओं श्रेया द्विवेदी, अंजली कुमारी, दीक्षा रानी एवं संस्था के प्रबंध निदेशक अभिषेक श्रीवास्तव की पुत्री अभ्यांशी द्वारा गणेश वंदना नृत्य से हुई।

इस नृत्य में नौ वर्षीया अभ्यांशी ने भगवान गणेश की भूमिका अदा करते हुए अपने मनमोहक क्लासिकल नृत्य से टाउन हॉल में बैठे अधिकारियों से लेकर सभी दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं गणेश वंदना के बाद नटपा की नृत्यांगनाओं श्रेया द्विवेदी, अंजली कुमारी एवं दीक्षा रानी द्वारा शिव स्तुति पर कथक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। जिसे देखकर पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

दोनों नृत्यों का निर्देशन दरौली के श्रीमती ललिता देवी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज की प्लस टू संगीत शिक्षिका श्वेता कुमारी ने किया।मौके पर जिला कला संस्कृति पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव, जिला जन संपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार, एवं शिक्षाविद् गणेश दत्त पाठक सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहें।
