छपरा। जिला मुख्यालय स्थित थियोसोफिकल लॉज में रविवार को बिहार थियोसोफिकल फेडरेशन की चुनावी आम सभा आयोजित की गई, जिसमें राज्य स्तरीय इकाई के नए पदाधिकारियों का चयन शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में किया गया। यह फेडरेशन थियोसोफिकल सोसायटी, भारतीय शाखा की राज्य इकाई है।
बैठक में एस. एल. डार पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे और उनके मार्गदर्शन में पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। सर्वसम्मति से मुजफ्फरपुर लॉज के वरिष्ठ सदस्य चितरंजन सिंह कनक को अध्यक्ष, गोपालगंज लॉज के नीरज कुमार को सचिव तथा छपरा लॉज के संतोष कुमार तिवारी को कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने हेतु तीन सदस्यीय चुनाव समिति का भी गठन किया गया था। सभा में उपस्थित सदस्यों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को सशक्त बनाने की उम्मीद जताई।
