जयपुर–किशनगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग अब होगा 6-लेन चौड़ा, भागीरथ चौधरी के प्रयासों और अनुशंसा से मिली स्वीकृति

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी की अनुशंसा और प्रयासों से संसदीय क्षेत्र अजमेर सहित समस्त प्रदेशवासियों को मिली बड़ी सौगात, लंबे समय से चल रही थी मांग

(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर-किशनगढ़/जयपुर-दिल्ली/

- Sponsored Ads-

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने राजस्थान के जयपुर और अजमेर जिलों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के जयपुर–किशनगढ़ (89.785 किमी) खंड के 6-लेन चौड़ा करने को स्वीकृति मिलने पर इसे अजमेर संसदीय क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के लिए बड़ी सौगात बताया है।

सुविधा बढ़ाने से अब घटेगा यात्रा का समय: केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत फ्लाईओवर और दोनों ओर सर्विस रोड सहित 6-लेन उन्नयन कार्य लगभग 910.90 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इस कॉरिडोर को आंशिक रूप से एक्सेस कंट्रोल्ड राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे वाहनों की औसत गति बढ़ेगी और जयपुर से किशनगढ़ तक का यात्रा समय मौजूदा लगभग 2 घंटे से घटकर करीब 1 घंटे कम हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय यातायात को अलग करने के लिए सर्विस रोड और फ्लाईओवर बनाए जाएंगे, जिससे सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही इस खंड पर मौजूद टकराव बिंदुओं को भी समाप्त किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं और जनहानि में कमी आएगी।

सड़क परिवहन मंत्री से मुलाकात कर उठाई थी मांग : केंद्रीय मंत्री और अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने बताया कि किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र, जो अजमेर संसदीय क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उनका गृह क्षेत्र भी है, लंबे समय से इस सड़क के उन्नयन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस विषय को लेकर उन्होंने पूर्व में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर तथा पत्र लिखकर इस परियोजना की आवश्यकता से अवगत कराया था और शीघ्र स्वीकृति की मांग की थी। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति से अजमेर संसदीय क्षेत्र के लोगों, विशेष रूप से किशनगढ़ क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों, किसानों और यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

क्षेत्रवासियों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी : केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने इस सौगात के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और गडकरी के नेतृत्व में देश में सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। देशभर में आधुनिक हाईवे, सुरंगों, पुलों और राष्ट्रीय राजमार्गों का तेज गति से निर्माण किया जा रहा है, जिससे भारत की परिवहन व्यवस्था नए आयाम स्थापित कर रही है। भागीरथ चौधरी ने कहा कि यह परियोजना न केवल अजमेर संसदीय क्षेत्र बल्कि पूरे राजस्थान के लिए विकास और बेहतर कनेक्टिविटी का नया अध्याय साबित होगी। केंद्रीय मंत्री चौधरी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए क्षेत्रवासियों और प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment