जिला कार्यक्रम पदाधिकारी(समग्र शिक्षा) के निर्देश पर सांढ़ा ढाला स्थित जी.ए.भी. पब्लिक स्कूल में छात्र सीख रहे सेवा और स्वावलंबन का ककहरा
छपरा (सारण): छपरा शहर स्थित जी.ए.भी. पब्लिक स्कूल के प्रांगण में भारत स्काउट और गाइड सारण के तत्वावधान में पांच दिवसीय ‘प्रथम सोपान’ प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ। यह शिविर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) के पत्र के आलोक में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं में अनुशासन, सेवा और स्वावलंबन के गुणों को विकसित करना है।
शिविर का उद्घाटन करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जनार्दन सिंह ने कहा कि स्काउटिंग की शिक्षा विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बनाती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ ऐसे व्यावहारिक प्रशिक्षण जीवन की चुनौतियों से लड़ने का साहस प्रदान करते हैं।
प्रशिक्षण शिविर का संचालन जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह,नोडल शिक्षक सोहन तिवारी और नोडल शिक्षिका खुशबू सिंह की देखरेख में किया जा रहा है। शिविर के प्रथम चरण में स्काउट्स और गाइड्स को संगठन के नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना और झंडा शिष्टाचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, बच्चों को टोली विधि के माध्यम से टीम वर्क का महत्व समझाया गया।
प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया। नोडल शिक्षकों ने बताया कि अगले दो दिनों में प्रशिक्षुओं को गांठ बांधना, प्राथमिक चिकित्सा,टेंट बंधना, आत्म रक्षा के गुर और बिना बर्तन के भोजन बनाने की कला जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सिखाए जाएंगे। इस अवसर पर विद्यालय के कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
