मध्य विद्यालय सौढ़ भरतखण्ड में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

परबत्ता (खगड़िया)। प्रखंड के मध्य विद्यालय सौढ़ भरतखण्ड में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’, प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों एवं विकसित भारत की संकल्पना थीम पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए चित्रों और अपने विचारों के माध्यम से भारत के भविष्य की कल्पना प्रस्तुत की।प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी कल्पनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने के लिए मंच उपलब्ध कराना उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है।प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान एवं वरीय शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया। बच्चों ने रंगों के माध्यम से विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की अपनी कल्पनाओं को कागज पर उकेरा। किसी चित्र में आधुनिक भारत की तस्वीर दिखाई दी तो किसी में शिक्षा, स्वच्छता, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और विकास की झलक देखने को मिली।वरीय शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि उनके चित्र केवल रंगों और आकृतियों का मेल नहीं हैं, बल्कि देश के भविष्य को लेकर उनकी सोच, उम्मीद और विश्वास को भी दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने बच्चों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।शिक्षक रामलाल पंडित ने बताया कि चित्रकला प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को कला के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर देना तथा सामाजिक एवं राष्ट्रीय सरोकारों के प्रति जागरूक करना है।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अंजली कुमारी, राजनंदनी कुमारी, बन्दों कुमारी, निक्की कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, सोनम कुमारी, महक कुमारी, शिवानी कुमारी, आराधना कुमारी, उत्कर्ष कुमार, सार्थक कुमार, प्रियांशु कुमार एवं आयुष कुमार को सम्मानित किया गया। इस दौरान अन्य प्रतिभागी बच्चों का भी उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक संजय कुमार पासवान, शिक्षक सिद्धार्थ कुमार, निरंजन कुमार, रामविनोद साह, रामलाल पंडित एवं मीनाक्षी कुमारी की सक्रिय भूमिका रही।
