डीएम ने कहा सारण में विकास की रफ्तार को नई दिशा देंगे
छपरा। सारण के नव पदस्थापित डीएम वैभव श्रीवास्तव ने आज पदभार ग्रहण करते ही स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं का समयबद्ध क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा कराया जाएगा ताकि आम लोगों तक लाभ पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।
नव पदस्थापित जिलाधिकारी ने बताया कि हाल में हुई प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा घोषित विभिन्न विकास योजनाएँ क्रियान्वयन के अलग-अलग चरणों में हैं। इन योजनाओं को गति देना तथा इनके सफल समापन को सुनिश्चित करना उनकी कार्यशैली का मुख्य आधार रहेगा। उन्होंने कहा कि चाहे आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना हो, सामाजिक कल्याण योजनाओं को आगे बढ़ाना हो या जनसुविधाओं को सुदृढ़ करना-हर स्तर पर समयबद्धता और गुणवत्ता सर्वोच्च मानक होंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला से लेकर प्रखंड तथा पंचायत स्तर तक सभी कार्यालयों के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सरकारी सेवाएँ उन्हें आसानी से उपलब्ध हों। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे टीम भावना से कार्य कर सारण जिले की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
पदभार ग्रहण के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि सारण जिला पहले से जारी विकास यात्रा की निरंतरता को बनाए रखना और उसे तेज करना ही प्रशासन का लक्ष्य होगा। उन्होंने जिले वासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विकास तभी संभव है जब प्रशासन और जनता साथ चलें।
