शुभचिंतको में शोक की लहर: समाजसेवी उदय आनंद सिंह पंचतत्व में विलीन

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

श्री रामनवमी शोभायात्रा समिति के सदस्य उदय आनंद सिंह का अंतिम संस्कार संपन्न

बड़े भाई प्रोफेसर उदय अरबिंद ने दी मुखाग्नि

छपरा। समाज के प्रिय व्यक्तित्व व श्री रामनवमी शोभायात्रा समिति के केंद्रीय सदस्य और प्रतिष्ठित व्यवसायी उदय आनंद सिंह का आरा में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस हृदय विदारक घड़ी में उनके बड़े भाई एवं जय प्रकाश विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर रसायन विज्ञान विभाग के वरीय प्रोफेसर उदय अरबिंद ने उन्हें मुखाग्नि दी।


सफल व्यवसायी और समाजसेवी का थमा सफर
उदय आनंद सिंह न केवल एक सफल व्यवसायी और जेसीबी कंपनी के एजेंट के रूप में अपनी पहचान रखते थे और छपरा से भी उनका बड़ा गहरा लगाव था। उदय आनंद एक सफल व्यवसायी ही नहीं थे बल्कि समाज में भी उनका गहरा प्रभाव और रुचि था। वे आरा शहर की धार्मिक और सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में काफी सक्रिय रहते थे, विशेषकर श्री रामनवमी शोभायात्रा समिति के सदस्य के रूप में उनकी भूमिका सराहनीय थी। उनकी असामयिक मृत्यु को समिति के महासचिव शम्भु चौरसिया ने अपूरणीय क्षति बताया है।

- Sponsored Ads-


हादसे के बाद छिड़ गई थी जीवन की जंग
बताते चलें कि बीते विगत 3 मार्च को शोभी डुमरा के समीप फोरलेन पर एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ पिछले कुछ दिनों से वे जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहे थे। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़,आरा शहर के प्रोफेसर कॉलोनी निवासी
लब्ध प्रतिष्ठ प्रोफेसर स्व.उदय प्रताप सिंह के छोटे पुत्र उदय आनंद सिंह अपने परिवार के मुख्य आधार थे। उनकी मृत्यु से दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। सबसे दुखद पहलू यह है कि उनकी बड़ी बेटी की शादी इसी वर्ष अप्रैल महीने में तय थी। जिस घर में विवाह की तैयारियाँ चल रही थीं, वहाँ अब सन्नाटा पसरा है। उनकी दूसरी बेटी मात्र 10 वर्ष की है, जो इस बड़ी क्षति को समझने की स्थिति में भी नहीं है।
उनके अंतिम संस्कार में आरा शहर के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के लोगो सहित उनके ससुराल छपरा शहर के बैंक कालोनी के अधिकांश निवासी शामिल हुए और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।


उधर,जय प्रकाश विश्वविद्यालय के महाविद्यालय निरीक्षक एवं पूर्व विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रोफेसर उदय अरबिंद के छोटे भाई उदय आनंद सिंह के निधन को विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों के अध्यक्ष प्रोफेसर मनोज कुमार सिंह,प्रोफेसर गुणसागर यादव,प्रोफेसर इरफान अली,प्रोफेसर आशा रानी ,प्रोफेसर सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्राचार्य प्रोफेसर के.पी.श्रीवास्तव,प्रोफेसर प्रमेन्द्र रंजन सिंह ,प्रोफेसर संजय भट्ट, आचार्य रविन्द्र सिंह, अच्युतानंद सिंह, विद्याधर सिंह, सहित कई सहायक प्रोफेसर डॉ अभिषेक दुबे , डॉ शची मिश्र,डॉ नीतु सिंह एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने अपूरणीय क्षति बताया तथा सभी ने उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment