राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए खगड़िया के 13 खिलाड़ियों का चयन

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

जवाहर इंटर विद्यालय समसपुर महेशखूंट में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित, बालक-बालिकाओं ने दिखाया दमखम

दीपक कुमार, खगड़िया।
खगड़िया जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में जवाहर इंटर विद्यालय, समसपुर महेशखूंट में जिला स्तरीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 14 एवं 16 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 13 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन हैदराबाद में होना है।

- Sponsored Ads-

प्रतियोगिता के दौरान 60 मीटर, 80 मीटर एवं 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, भाला फेंक और शॉट पुट सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

खगड़िया जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके लिए अपनी मेहनत और क्षमता साबित करने का सुनहरा मौका है।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. प्रेम कुमार, सावन कुमार, डॉ. रवि कुमार एवं अधिवक्ता प्रिंस कुमार का मार्गदर्शन रहा। जिला सचिव रवि रोशन कुमार, मीडिया प्रभारी रितेश कुमार तथा अभिभावक की भूमिका में अभय सिंह ने भी आयोजन में योगदान दिया।

वहीं, तकनीकी टीम में प्रियांश कुमार, सुधु कुमार, गुड्डू कुमार, वशिष्ठ कुमार, राहुल कुमार एवं बादल कुमार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष राजा कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महिला प्रशिक्षक नैना कुमारी ने भी प्रतियोगिता के संचालन एवं सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्तर पर खगड़िया के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और बिहार का नाम रोशन करेंगे। प्रतियोगिता के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment