डायमंड क्रिकेट क्लब ने त्रिवेणी क्रिकेट क्लब को 73 रनों से हराया, कुंदन निषाद बने मैन ऑफ द मैच

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

दीपक कुमार,खगड़िया, 25 अक्टूबर।

खगड़िया जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित सुपर जिला क्रिकेट लीग 2026-27 के तहत रविवार को जेएनकेटी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में डायमंड क्रिकेट क्लब (डीसीसी) ने त्रिवेणी क्रिकेट क्लब (टीसीसी) को 73 रनों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कुंदन निषाद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

- Sponsored Ads-

टॉस जीतकर त्रिवेणी क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डायमंड क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 35 ओवरों में 198 रन बनाए। टीम की ओर से कुंदन निषाद ने 34 गेंदों पर 48 रन, सौरव ने 41 गेंदों पर 48 रन और रंजन ने 25 गेंदों पर 25 रनों की उपयोगी पारी खेली।

त्रिवेणी क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रीतेश ने सात ओवर में 47 रन देकर चार विकेट झटके। मुकेश ने दो विकेट, जबकि सौरव और तरबेज ने एक-एक विकेट हासिल किया।

199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्रिवेणी क्रिकेट क्लब की टीम 125 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आशीष ने 29 गेंदों पर 34 रन और राहुल ने 32 गेंदों पर 22 रन बनाए। हालांकि, अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे और टीम को हार का सामना करना पड़ा।

डायमंड क्रिकेट क्लब की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए शिवम ने सात ओवर में 32 रन देकर चार विकेट लिए। वहीं, कुंदन निषाद ने 6.1 ओवर में 31 रन देकर तीन विकेट झटके। गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत डायमंड क्रिकेट क्लब ने 73 रनों से जीत हासिल की।

मुकाबले में मुख्य निर्णायक की भूमिका मनोहर कुमार एवं संदीप कुमार राज ने निभाई। कुंदन निषाद को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

अगला मुकाबला: सुपर जिला क्रिकेट लीग में सोमवार को लर्निंग क्रिकेट क्लब और त्रिवेणी क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment