छपरा:संजीवनी संस्कार स्कूल में छात्रों ने मनाई ग्रीन एंड क्लीन दिवाली, रंगोली बनाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

डॉ. अनिल कुमार ने मरीजों व कर्मचारियों को दिये भेंट कर दीपावली की दी शुभकामनाएं

छपरा। शहर के आदर्श कॉलोनी स्थित संजीवनी संस्कार स्कूल में दीपावली के अवसर पर ग्रीन एंड क्लीन दिवाली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण व सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया।

- Sponsored Ads-

इस मौके पर स्कूल के बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, हनुमान जी और माँ लक्ष्मी के स्वरूपों का जीवंत अभिनय कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करना और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता पैदा करना था। छात्रों ने रंगोली बनाकर न केवल विद्यालय प्रांगण को सजाया, बल्कि पर्यावरण की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। रंगोली प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों ने प्रदूषणमुक्त दिवाली मनाने व पटाखों का प्रयोग न करने का संकल्प लिया।

इसके साथ ही तोरण निर्माण, पोस्टर मेकिंग, और लालटेन बनाने जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। इस अवसर पर संजीवनी नर्सिंग होम एवं मैटरनिटी सेंटर के संस्थापक और स्कूल के निदेशक, प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने एक सराहनीय पहल करते हुए दीपावली से चार दिन पूर्व से ही अस्पताल में आने वाले मरीजों को मिट्टी के दीपक भेंट किए और इस बार केवल मिट्टी के दीपक जलाकर दिवाली मनाने की अपील की।

डॉ. कुमार ने कहा कि “हमारे सांस्कृतिक परंपराएं हमारी पहचान हैं। आधुनिकता की दौड़ में हम अपने मूल्यों को न भूलें। मिट्टी के दीपक न सिर्फ पर्यावरण के अनुकूल हैं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत रखते हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि पटाखों से होने वाला प्रदूषण न सिर्फ वातावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है।कार्यक्रम के अंत में डॉ. कुमार ने विद्यालय के सभी शिक्षकों, शिक्षिकाओं और सफाईकर्मियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए दीपक और उपहार भेंट किए।

इस मौके पर डॉ संजू प्रसाद, स्नेहा कुमारी, इंचार्ज बृजेश कुमार, प्रचार्या ज्योति सिंह, अनिशा, प्रियांशु, आरती, चंदा, शिशिर श्रीवास्तव, एसपी मिश्रा, काजल कुमारी, कल्पना, सुरभि, स्वेता सिंह, रीता देवी, मुन्नी देवी, शैलेश कुमार यादव, दुर्गा कुमारी, गुड्डु कुमार, दशरथ राय, लक्ष्मण कुमार यादव, उमेश राय समेत संजीवनी नर्सिंग होम के समस्त स्टाफ समेत इत्यादि मौजूद थे।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment