सारण:एकमा में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुल्डोजर, सड़क हुई अतिक्रमण मुक्त

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

सारण/एकमा: एकमा नगर पंचायत क्षेत्र के बाजार स्थित स्टेशन रोड एवं ब्लॉक रोड पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त एवं निर्णायक कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर की सहायता से सड़क किनारे अवैध रूप से स्थापित दुकानों, शेड, चबूतरों तथा अन्य अस्थायी एवं स्थायी निर्माणों को हटाया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराना है। अतिक्रमण के कारण प्रतिदिन गंभीर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिससे विशेष रूप से एकमा स्टेशन जाने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान नगर पंचायत, अंचल एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी स्वयं सड़क पर उतरकर कार्रवाई का नेतृत्व करते नजर आए। अभियान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं प्रशासन की कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुटे रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार के निर्देशानुसार अतिक्रमण के विरुद्ध किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा।

- Sponsored Ads-

मंगलवार को चले इस विशेष अभियान में एकमा बीडीओ डॉ. अरुण कुमार, सीओ अमलेश कुमार, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रमन राज, आरओ रामप्रवेश साहू, पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष ध्रुव प्रसाद सिंह सहित कई अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यपालक पदाधिकारी रमन राज ने बताया कि अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके आलोक में पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि आज जितना संभव होगा, उतना अतिक्रमण हटाया जाएगा और आगे भी चरणबद्ध तरीके से पूरे नगर पंचायत क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। फिलहाल स्टेशन रोड एवं ब्लॉक रोड पर अभियान चलाया जा रहा है, इसके पश्चात मीठा बाजार सहित अन्य चिन्हित स्थलों पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एक डेलीगेटे टीम का गठन कर नियमित अभियान चलाया जाएगा। वहीं नगर कर्मीयों कमल किशोर सहाय कमल राय प्रविण शर्मा के अलावे अन्य कर्मी उपस्थित थे।

- Sponsored Ads-
Share This Article