मृगांक शेखर सिंह/ जमुई:जमुई जिला अंतर्गत निर्माणाधीन कुंडघाट जलाशय योजना का निरीक्षण जिला पदाधिकारी, श्री नवीन के द्वारा किया गया एवं प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान उपस्थित अधीक्षण अभियंता, सिंचाई अंचल, जमुई, कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल सिकंदरा के साथ आवश्यक विमर्श किया गया तथा बचे हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने जिले के सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत प्लस टू झारो सिंह पालो सिंह उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन व्यवस्था, शिक्षक उपस्थिति, छात्रों की उपस्थिति, कक्षाओं की स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने अंबेडकर कल्याण छात्रावास का भी औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों की उपस्थिति, आवासीय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही उत्क्रमित उच्च विद्यालय सबलबिघा एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता श्री रवि कान्त सिन्हा, अपर समाहर्ता विभागीय जांच श्री बालमुकुंद प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी श्री सौरव कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद,वरीय उप समाहर्ता श्री सावन कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्री नागमणि वर्मा, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
