अजमेर:आनासागर झील में डूबती युवती को बचाने वाले कांस्टेबल मोडूराम सम्मानित

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

युवती की जान बचाकर साहस और मानवता की मिसाल पेश की

(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर: अजमेर जिले में यातायात पुलिस के कांस्टेबल मोडूराम ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक युवती की जान बचाकर साहस और मानवता की मिसाल पेश की है। इस बहादुरी भरे कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने उन्हें सम्मानित किया। यह घटना 31 जनवरी 2026 की है। ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल मोडूराम को सूचना मिली कि एक युवती आनासागर झील में कूद गई है।

- Sponsored Ads-

सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना देर किए झील में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती पानी में डूबने से जूझ रही थी और मौके पर मौजूद लोग असहाय नजर आ रहे थे। मोडूराम ने साहस दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद आमजन ने कांस्टेबल मोडूराम के साहस और मानवीय कार्य की जमकर सराहना की। स्थानीय मीडिया में भी इस घटना को प्रमुखता से स्थान मिला।

कांस्टेबल मोडूराम के इस साहसिक कार्य को देखते हुए एसपी वंदिता राणा ने उन्हें 5 हजार रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एसपी ने कहा कि मोडूराम का यह कार्य पुलिस बल की सेवा भावना, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। एसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि इस घटना से पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है और यह अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

सम्मान मिलने के बाद कांस्टेबल मोडूराम ने कहा कि उन्होंने केवल अपना कर्तव्य निभाया है और भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। यह घटना न सिर्फ एक जान बचाने की कहानी है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और संवेदनशीलता के मजबूत रिश्ते को भी दर्शाती है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment