डॉ०संजय (हाजीपुर)-जिलाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का क्रियान्वयन प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत महिलाओं को उनकी रुचि एवं कौशल के अनुरूप स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ₹10,000 की अनुदान राशि प्रदान की जाती है ।
जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें तथा अपने परिवार की आय में योगदान दे सकें।इस क्रम में जिला प्रशासन द्वारा सभी नगर निकाय क्षेत्र में प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों की गहन जांच एवं सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए वार्ड स्तर पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है जिनमें संबंधित कर्मी, आवास सहायक, जीविका से जुड़े प्रतिनिधि एवं अन्य सहयोगी कार्मिक शामिल हैं। सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे क्षेत्र में जाकर आवेदनों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें ताकि योजना का लाभ केवल वास्तविक एवं पात्र लाभुकों तक ही पहुंचे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि महिलाओं को केवल अनुदान राशि उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के माध्यम से स्थायी आजीविका से जोड़ना भी आवश्यक है। इसी क्रम में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं ।
जिससे वे लघु उद्यम, घरेलू उद्योग, सेवा आधारित कार्य या अन्य आयवर्धक गतिविधियों को सफलतापूर्वक प्रारंभ कर सकें।जिलाधिकारी द्वारा योजना की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
