–डॉ० संजय (हाजीपुर)– आम नागरिकों, विशेषकर दिव्यांगजन, वृद्ध एवं महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा एक महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल की गई है। समाहरणालय परिसर में नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्रतीक्षालय निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, वैशाली , वर्षा सिंह ने समाहरणालय परिसर में आम जनता के लिए प्रस्तावित आधुनिक एवं सुलभ प्रतीक्षालय निर्माण का विधिवत भूमि पूजन किया। उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को आम जनता से मुलाकात एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है जिसमें बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, वृद्ध एवं महिलाएं अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचती हैं।
अब तक समुचित प्रतीक्षा व्यवस्था एवं रैंप जैसी आवश्यक सुविधाओं के अभाव में दिव्यांगजनों एवं वृद्ध व्यक्तियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने समाहरणालय परिसर के उत्तरी भाग में उपलब्ध खाली स्थान पर सुव्यवस्थित, सुरक्षित तथा दिव्यांग-अनुकूल प्रतीक्षालय निर्माण का निर्णय लिया है। प्रस्तावित प्रतीक्षालय में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं रैंप जैसी आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
यह पहल जिला प्रशासन के ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है। इससे नागरिकों को न केवल सम्मानजनक एवं सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध होगा, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक सुगठित, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, संजय कुमार, जिला अवर निबंधक, धनंजय कुमार राव, विशेष कार्य पदाधिकारी, मो. तारिक रजा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी, वर्षा सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए सतत प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जनहित से जुड़ी आधारभूत व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाता रहेगा ताकि “सबका सम्मान–जीवन आसान” का उद्देश्य धरातल पर पूर्णतः साकार हो सके।
