(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/ अजमेर:धार्मिक नगरी पुष्कर के व्यस्ततम क्षेत्र ब्रह्म चौक में गुरुवार को एक आवारा सांड ने अचानक ऐसा आतंक मचा दिया कि कुछ समय के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सांड के उग्र व्यवहार के कारण लोगों का आवागमन तक रुक गया और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड अचानक सड़क पर दौड़ने लगा और सामने आने वाले लोगों को दौड़ाने लगा।
इस दौरान वहां मौजूद श्रद्धालुओं, महिलाओं और दुकानदारों में डर का माहौल बन गया। कई लोग अपनी सुरक्षा के लिए दुकानों और गलियों में घुस गए। कुछ देर तक ब्रह्म चौक क्षेत्र में भगदड़ जैसे हालात बने रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब एक माह से यही सांड इस तरह की हरकतें कर रहा है और कई बार लोगों को दौड़ा चुका है, जिससे क्षेत्र में लगातार डर का माहौल बना हुआ है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड को वहां से हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। हालांकि कुछ देर तक पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
