(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर :राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी रविवार को जयपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा अजमेर के लिए रवाना हुईं। इस दौरान उन्होंने आम यात्रियों के बीच बैठकर यात्रा की और लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न जनभागीदारी आधारित मुहिमों से जुड़ने का आह्वान किया। ट्रेन में उपमुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर यात्रियों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया और कई लोगों ने उनके साथ बातचीत कर फोटो भी खिंचवाए।
सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि देशहित में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सकारात्मक अभियानों में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिकाधिक उपयोग न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए आगे आना चाहिए।
युवाओं को आत्मनिर्भर भारत से जुड़ने का संदेश
उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि वे आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी को बढ़ावा देने वाली पहलों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से बेहद समृद्ध देश है तथा यहां पर्यटन के लिए अनेक आकर्षक और ऐतिहासिक स्थल मौजूद हैं। ऐसे में लोगों को विदेश यात्रा की बजाय देश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देनी चाहिए, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को मजबूती मिलेगी ।
स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर दिया जोर
दिया कुमारी ने यात्रियों से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं को अपनाने से स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन मिलता है और रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।
