छोटा प्लेटफार्म बना रेल यात्रियों के लिए परेशानी का सबब
मृगांक शेखर सिंह/ जमुई
रेलवे ट्रैक पर उतरते हैं यात्री हादसे का बना रहता है भय
गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म छोटा होने से ट्रैक पर उतरकर जाते यात्री
गिद्धौर : दानापुर रेल मंडल अंतर्गत क्यूल-झाझा रेलखंड के मध्य पड़ने वाला गिद्धौर रेलवे स्टेशन इन दिनों यात्री सुविधाओं के लिए तरस रहा है। इस स्टेशन पर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों को घोर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।सबसे बड़ी समस्या प्लेटफार्म नंबर एक की लंबाई कम होना है।
डाउन प्लेटफार्म की लंबाई कम होने से एक्सप्रेस ट्रेन की पूरी बोगियां प्लेटफार्म पर नहीं आतीं, जिसे तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है। जिसके कारण यात्रियों को नीचे ट्रैक पर उतरकर जान जोखिम में डालकर चढ़ना उतरना पड़ता है।
सफर के दौरान यात्री हो जाते हैं घायलस्थानीय रेल यात्रियों का कहना है कि प्लेटफार्म छोटा होने के कारण अक्सर रेल यात्री को यहां सफर में ट्रेन पर चढ़ने उतरने में काफी परेशानी होती है। कई बार यात्री घायल भी हो जाते हैं। जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा बना रहता है।
यात्री सुविधाओं का घोर अभावरेल यात्री बताते हैं कि गिद्धौर रेलवे स्टेशन हर रोज रेल विभाग को लाखों रुपये का फायदा देता है, लेकिन यात्री सुविधा के नाम पर यहां शुद्ध पेयजल, शौचालय बैठने के लिए समुचित यात्री शेड तक का यहां घोर अभाव है। रेल यात्रियों ने रेल प्रबंधन, दानापुर मंडल के डीआरएम, सांसद और रेल मंत्री से गिद्धौर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक की लंबाई बढ़ाने और बेहतर यात्री सुविधाएं बहाल करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।
कहते हैं स्टेशन प्रबंधकइस संदर्भ में गिद्धौर रेल स्टेशन प्रबंधक दिलीप कुमार चौधरी ने कहा है कि गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं से जुड़ी समस्या को तकनीकी डिपार्टमेंट के अधिकरियों को अवगत कराया जाता रहा, यात्रियों से जुड़ी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बहाल करने के लिए प्रबंधन गंभीर है।
