जेएनकेटी स्टेडियम में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी सुनंदा कुमारी ने प्रज्वलित की खेल मशाल, तीन आयु वर्गों में 900 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

दीपक कुमार, खगड़िया।

- Sponsored Ads-

विद्यालयी विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का रविवार को जेएनकेटी स्टेडियम, खगड़िया में भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना, अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

उद्घाटन समारोह का विशेष आकर्षण बैडमिंटन में राष्ट्रीय स्तर पर खगड़िया का प्रतिनिधित्व कर चुकी खिलाड़ी सुनंदा कुमारी द्वारा खेल मशाल प्रज्वलित करना रहा। मशाल प्रज्वलन के बाद उन्होंने खेल मशाल के साथ मार्च किया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई।

प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। जेएनकेटी स्टेडियम में एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में 700 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 100, 200, 400, 600, 800, 1500, 3000 और 5000 मीटर दौड़ के अलावा लंबी कूद और गोला फेंक शामिल हैं।

वहीं, खेल भवन में कराटे, वुशु, भारोत्तोलन और कुश्ती में 200 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है। विद्यालय स्तर से प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

मौके पर डीडीसी श्रेया श्री, अपर समाहर्ता एमडी जियाउर्रहमान, जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम कुमार सहित खेल प्रशिक्षक, शारीरिक शिक्षक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment