बबलू मंडल बोले- जयप्रकाश बाबू और पासवान जी सामाजिक न्याय के अग्रदूत थे
दीपक कुमार/ ब्यूरो खगड़िया।
शहर के कचहरी रोड स्थित सदर विधायक कार्यालय के कर्पूरी सभागार में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोजपा के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सदर विधायक बबलू कुमार मंडल सहित जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि जयप्रकाश नारायण भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी सेनानी और महान समाजवादी चिंतक थे। आजादी के बाद भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर उन्होंने बिहार से जिस आंदोलन की शुरुआत की, वह आगे चलकर संपूर्ण क्रांति के व्यापक आंदोलन में बदल गया। जेपी के आंदोलन ने देश की राजनीति को नई दिशा देने के साथ लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने का काम किया।
उन्होंने स्वर्गीय रामविलास पासवान को सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की मुखर आवाज बताते हुए कहा कि उन्होंने लंबे राजनीतिक जीवन में केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। 1977 में हाजीपुर से उनकी ऐतिहासिक जीत ने उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में अलग पहचान दिलाई। रेल, संचार, इस्पात, कोयला, रसायन एवं उर्वरक तथा खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों में उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई।

विधायक ने कहा कि खगड़िया को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में रामविलास पासवान का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका संघर्ष, समर्पण और जनसेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम में जदयू प्रदेश सचिव नीलम वर्मा, पूर्व कार्यकारी जिला अध्यक्ष राजकुमार फोगला, दीपक सिन्हा, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव उमेश सिंह पटेल, आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, संदीप केडिया, रामविलास महतो, अविनाश पासवान, राजेश सिंह मुखिया, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र कुमार, मानसी प्रखंड अध्यक्ष राजनीति प्रसाद सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष प्रभात शर्मा, वीणा पासवान, अनुज शर्मा, पंकज चौधरी, पूनम जायसवाल, पार्वती देवी, ममता जायसवाल, मुन्नी जायसवाल, मिथिलेश देवी, ललन पासवान, पूर्व नगर पार्षद वीरेंद्र पासवान, अंगद कुमार, राजीव कुमार ठाकुर, आदित्य कुमार, पिंकेश यादव, नीलेश मंडल, अभिषेक कुमार, बंटी कुमार एवं वार्ड सदस्य कल्पना देवी सहित दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
