400 साल पुराने मजार को पप्पू यादव ने बताया अपना पूर्वज, बोले—‘तोड़ने नहीं दूंगा, लड़ाई मैं लड़ूंगा’
दरभंगा में पीर बाबा के मजार को लेकर विवाद गहराया, धरनास्थल पर पहुंचे पूर्णिया सांसद ने सरकार पर साधा निशाना
सुभाष शर्मा दरभंगा
दरभंगा के चंदनपट्टी–रघुनाथपुर में करीब 400 साल पुराने पीर बाबा के मजार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। केंद्र सरकार की दरभंगा के रामनगर से समस्तीपुर जिले के रोसड़ा तक राष्ट्रीय राजमार्ग NH-527E के चौड़ीकरण एवं उन्नयन की योजना के निर्माण के दौरान बीच मे पड़ रहे मजार के प्रभावित होने की आशंका के बीच ग्रामीणों और समर्थकों का विरोध जारी है। इसी क्रम में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव धरनास्थल पर पहुंचे और सरकार पर जमकर निशाना साधा।

धरना दे रहे लोगों को संबोधित करते हुए पप्पू यादव ने मजार को अपने पूर्वजों से जोड़ते हुए कहा कि यहां हमारे पूर्वज दफन हैं। हम उनकी पूजा करते हैं और नमाज पढ़ते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मजार को हटाने का कोई मुद्दा नहीं था, तो इसे विवाद में कौन लेकर आया और इसके पीछे किसकी साजिश है?
सांसद ने तल्ख लहजे में कहा कि मजार को तोड़ने के पीछे कोई न कोई गद्दार जरूर होगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मैं मजार को तोड़ने नहीं दूंगा। इस लड़ाई को मैं लड़ूंगा।”
पप्पू यादव के इस बयान के बाद मजार विवाद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के आसार हैं। अब देखना होगा कि मजार को लेकर जारी विरोध और सड़क निर्माण से जुड़े विवाद का समाधान किस तरह निकलता है।

