जमुई:एशियन पैरा गेम्स-2026 के स्वर्ण एवं कांस्य पदक विजेता शैलेश कुमार के पैतृक गांव पहुंचे जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, घर जाकर किया सम्मानित। गांव में खेल मैदान के विकास की पहल हुई तेज।

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

मृगांक शेखर सिंह जमुई

जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय पटल पर भारत एवं बिहार के साथ-साथ जमुई जिले का मान बढ़ाने वाले पैरा एथलीट शैलेश कुमार के पैतृक गांव पहुंचकर आज जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उन्हें उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी तथा जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उनके माता-पिता, भाई-बहनों एवं अन्य परिजनों से भी मुलाकात की और शैलेश की इस गौरवशाली सफलता के लिए पूरे परिवार को शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि शैलेश कुमार ने एशियन पैरा गेम्स-2026 की पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में 1.89 मीटर की शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया गेम्स रिकॉर्ड स्थापित किया। वहीं, लंबी कूद स्पर्धा में 5.57 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस दोहरी सफलता ने जमुई को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।

- Sponsored Ads-


इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि शैलेश कुमार की यह दोहरी सफलता उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और परिवार के निरंतर सहयोग का परिणाम है, जो यह प्रमाणित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अथक परिश्रम के सामने कोई भी परिस्थिति बाधा नहीं बन सकती। आगे उन्होंने कहा कि जमुई की मिट्टी में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, और जिला प्रशासन सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को तराशने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में कर देश-दुनिया में जिले का नाम रोशन करें।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने भी शैलेश कुमार को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शैलेश की सफलता युवाओं के लिए अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों एवं बच्चों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, अनुशासित जीवनशैली अपनाएं तथा अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग परिवार, समाज एवं देश के मान-सम्मान को बढ़ाने में करें।


इस दौरान जिला पदाधिकारी ने शैलेश कुमार के खेल सफर, प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय अनुभवों और भविष्य की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही इस क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, जिला पदाधिकारी ने शैलेश कुमार के अनुरोध पर इस्लामनगर गांव में पंचायत सरकार भवन के समीप खेल मैदान के लिए चिह्नित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अंचल अधिकारी, अलीगंज को संबंधित भूमि की शीघ्र मापी कराने तथा अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार अतिक्रमण मुक्त कराने के कड़े निर्देश दिए, ताकि गांव में खेलकूद की आधारभूत संरचना को तेजी से विकसित किया जा सके।


इस अवसर पर शैलेश कुमार ने जिला प्रशासन के इस आत्मीय सम्मान के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण सफर में बिहार सरकार की खेल प्रोत्साहन नीति एवं ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए बताया कि इसी योजना के तहत उन्हें बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के पद पर सरकारी नियुक्ति प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में आने के बाद भी खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सुदृढ़ हुई है तथा सरकार द्वारा उन्हें बेहतर प्रशिक्षण व सुविधाएं मिल रही हैं। शैलेश ने अपना अगला लक्ष्य आगामी लॉस एंजिल्स पैरालंपिक-2028 में देश के लिए पदक जीतकर तिरंगे का मान और ऊंचा करना बताया।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment