मोबाइल में अपने आप डाउनलोड हुआ अनजान ऐप, खाते से निकल गए 84 हजार रुपये

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-


(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर

समीपवर्ती देवली (टोंक) शहर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। कुचलवाड़ा रोड निवासी एक युवक के मोबाइल में अचानक एसीसी जीसीसी नाम का अनजान ऐप डाउनलोड होकर इंस्टॉल हो गया। इसके बाद मोबाइल ऑटोमेटिक रीस्टार्ट मोड में चला गया। फोन दोबारा चालू होने के कुछ ही देर बाद युवक के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 84 हजार रुपये डेबिट हो गए। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।

- Sponsored Ads-

मोबाइल हैंग हुआ, 1930 पर भी नहीं लग पाया कॉल

पीड़ित युवक गोविंद मेघवंशी जियो फाइबर में वाई- फाई से संबंधित कार्य करता है। गोविंद ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 7 बजे उसका मोबाइल अचानक ऑटोमेटिक अपडेट हुआ। मोबाइल रीस्टार्ट होते ही उसके बैंक खाते से 84 हजार रुपये निकल गए, जबकि उसने कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया था।

खाते से इतनी बड़ी राशि कटने का मैसेज देखते ही उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बार-बार हैंग होने के कारण कॉल नहीं लग पाई। इसके बाद उसने मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे फोन में लगाई और 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही हनुमान नगर थाने में भी घटना की जानकारी दी।

मोबाइल में अपने आप डाउनलोड हुआ अनजान ऐप

गोविंद ने बताया कि मोबाइल ऑटोमेटिक अपडेट होने के बाद से ही लगातार हैंग हो रहा था। इसी दौरान मोबाइल में एसीसी जीसीसी नाम का एक अनजान ऐप भी अपने आप डाउनलोड होकर इंस्टॉल हो गया। इस ऐप के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है और न ही उसने पहले कभी इसे देखा था। पीड़ित युवक को आशंका है कि मोबाइल में हुई संदिग्ध गतिविधियों के जरिए ही उसके बैंक खाते से रकम निकाली गई।

खाते में बचे महज 800 रुपये

बताया गया कि गोविंद के खाते में कई महीनों की मेहनत की कमाई जमा थी। एक ही बार में 84 हजार रुपये निकलने के बाद खाते में महज 800 रुपये शेष रह गए। घटना के बाद से गोविंद और उसके परिजन काफी परेशान हैं। पीड़ित युवक के मुताबिक, जिस खाते में ठगी की राशि ट्रांसफर हुई है, उसके खाताधारक का नाम महेंद्र गौड़ सामने आया है। गोविंद ने बैंक पहुंचकर भी घटना की जानकारी दी है। फिलहाल पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन और पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई को मांग की है।

अनजान ऐप और लिंक पर न करें क्लिक

देश में साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं को लेकर साइबर पुलिस लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रही है। इसके बावजूद साइबर अपराधी वारदात करने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, ज्यादातर साइबर ठगी की वारदातें मोबाइल के जरिए होती हैं। इसलिए मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक पर क्लिक करने और अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचना चाहिए।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment