पुष्कर/अजमेर।
अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले में कार्तिक स्नान के लिए उमड़ने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए राजस्थान रोडवेज ने परिवहन व्यवस्था चाक-चौबंद कर ली है। मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए 100 से ज्यादा अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। 20 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस विशेष परिवहन अभियान के तहत रोडवेज ने रोजाना 250 फेरे लगाने का लक्ष्य रखा है, जिससे अजमेर से पुष्कर के बीच का सफर बेहद आसान हो जाएगा।
कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य रूप से होने वाली भारी भीड़ के प्रबंधन को रोडवेज ने अपनी सबसे बड़ी चुनौती माना है। आस्था के इस बड़े केंद्र पर लगभग 50 से 60 हजार यात्रियों के सफर करने का अनुमान है। परिवहन व्यवस्था में कोई कमी न आए, इसके लिए एक दर्जन से अधिक डिपो से अतिरिक्त बसें मंगवाई गई हैं।
श्रद्धालुओं की आवाजाही 19 नवंबर से ही बढ़ने लगेगी, जिसे देखते हुए बसों की संख्या जरूरत के मुताबिक और बढ़ाई जा सकती है। इसके साथ ही, लंबे रूट की बसों को भी अस्थाई रूप से पुष्कर मेले के रूट पर उतारा जाएगा, जो अपने निर्धारित फेरे पूरे करने के बाद वापस अपने मूल रूट पर लौट जाएंगी।
