पुष्कर/अजमेर।
धार्मिक नगरी पुष्कर के पास ग्राम गनाहेड़ा में फर्जी दस्तावेजों के सहारे करोड़ों की जमीन हड़पने की एक बड़ी साजिश का पुष्कर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य वांछित आरोपी आनंद गोयल (50 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने जमीन पर अपना हक जताने के लिए साल 2006 का एक फर्जी इकरारनामा तैयार किया था, जिस पर परिवादी के जाली हस्ताक्षर किए गए थे।
FSL रिपोर्ट से हुआ सनसनीखेज खुलासा
पुलिस के अनुसार, परिवादी टीकमचंद टेमाणी की शिकायत पर न्यायालय के माध्यम से पुष्कर थाने में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मुकदमा (FIR संख्या 255/2026) दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित संदिग्ध दस्तावेजों को फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) जांच के लिए भेजा। FSL की रिपोर्ट में साफ हो गया कि इकरारनामे पर किए गए परिवादी के हस्ताक्षर पूरी तरह से कूटरचित और जाली थे। सबूत हाथ लगते ही पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी।
जयपुर और अजमेर में दबिश, आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में
थानाधिकारी अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में गठित पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी की तलाश में जयपुर और अजमेर के कई ठिकानों पर दबिश दी। आखिरकार पुलिस ने नवगृह कॉलोनी, पुष्कर रोड (अजमेर) निवासी आनंद गोयल पुत्र स्वर्गीय रामेश्वरलाल गोयल को गिरफ्तार कर लिया। गहन पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है।
कई और रसूखदारों पर गिर सकती है गाज
जमीन के इस खेल में आनंद गोयल की गिरफ्तारी महज एक शुरुआत मानी जा रही है। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि इस फर्जी इकरारनामे को तैयार करने में और किन-किन लोगों ने मुख्य आरोपी का साथ दिया था। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही इस रैकेट से जुड़े कुछ और बड़े चेहरों का खुलासा हो सकता है। इस कामयाब कार्रवाई में थानाधिकारी अशोक बिश्नोई के साथ एएसआई गोविंद सहाय और हेड कांस्टेबल मोतीराम की मुख्य भूमिका रही।
