31 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,
बच्चों की प्रभात फेरियों से गूंजा दरभंगा; एयरपोर्ट का नाम महाराज के नाम पर रखने की उठी मांगसुभाष शर्मादरभंगा।
मिथिला के महान दानवीर, शिक्षा-संस्कृति के संरक्षक और समाजसेवा के प्रतीक महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह की 119वीं जयंती पर शनिवार को दरभंगा में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह का माहौल रहा।

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने समारोह आयोजित कर महाराज को नमन किया। कहीं श्रद्धांजलि सभा और दीप प्रज्वलन हुआ तो कहीं पौधारोपण और प्रभात फेरी के माध्यम से उनकी विरासत को याद किया गया।

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल जिला दरभंगा की ओर से मधेश्वरा परिसर स्थित श्याम कामेश्वरी मंदिर प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा, दीप प्रज्वलन एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष मोहनवाड़ी एवं नगर मंत्री सुमित कुमार ने किया। मुख्य अतिथि विभाग मंत्री राजीव प्रकाश मधुकर, जिला संयोजक पंकजवाड़ी एवं जिला सुरक्षा प्रमुख विजय देव ने महाराज के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘महाराज कामेश्वर सिंह अमर रहें’ के जयघोष से परिसर को गुंजायमान कर दिया।जयंती पर सिमरी स्थित गुरुकुल शिशु मंदिर के प्रधानाध्यापक प्रद्युम्न श्रीवास्तव के नेतृत्व में बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर महाराज को श्रद्धांजलि दी।
वहीं, दरभंगा नगर में राम जानकी संस्कारशाला के प्रमुख राधेश्याम दास जी के नेतृत्व में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। हाथों में तख्तियां लेकर बच्चों ने महाराज के सम्मान में जयघोष किया और नगर की प्रमुख सड़कों से गुजरते हुए उनके योगदान का संदेश दिया। इस अवसर पर केक काटकर जन्मोत्सव भी मनाया गया।

कार्यक्रम में जिला गौ रक्षा प्रमुख राहुल शर्मा, नगर संयोजक शेखर साहनी, वार्ड 17 के संयोजक श्रीकांत मेहता, जिला मीडिया प्रभारी आदित्य राज, वार्ड 10 के संयोजक विवेक श्रीवास्तव, पंडित पंकज झा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।महाराज की 119वीं जयंती के आयोजन ने यह संदेश दिया कि उनकी विरासत केवल अतीत का गौरव नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। दान, शिक्षा, समाजसेवा और सांस्कृतिक संरक्षण के उनके आदर्श आज भी मिथिला की पहचान हैं।
