अस्पताल के ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड का औचक निरीक्षण, कर्मियों को सख्त चेतावनी

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

बगहा

मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और अस्पताल की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से शनिवार को कमलनाथ तिवारी अनुमंडलीय अस्पताल में औचक निरीक्षण किया गया। अस्पताल के कार्यवाहक उपाधीक्षक डॉ. तारिक नदीम ने अस्पताल प्रबंधक मोहम्मद शहनवाज और अस्पताल प्रशासन की टीम के साथ ओपीडी एवं इमरजेंसी वार्ड का जायजा लिया।

- Sponsored Ads-

इस दौरान विभिन्न वार्डों में व्यवस्था से जुड़ी कई खामियां सामने आईं। इस पर उपाधीक्षक ने संबंधित कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यशैली, वार्डों की व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया गया। उपाधीक्षक ने कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज और उनकी देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मरीजों को इलाज के दौरान अनावश्यक परेशानी हुई या किसी स्तर पर ड्यूटी में कोताही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कर्मचारियों को अपने निर्धारित दायित्वों का ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।

साथ ही कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उन्हें समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।वहीं, अस्पताल प्रबंधक मोहम्मद शहनवाज और प्रधान लिपिक शशि शर्मा ने भी कर्मियों को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने और अनुशासन में रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्था बनाए रखने में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा और व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई भी की जाएगी।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment