सिवान:शिव सायुज्य की प्राकृतिक हिमवत शिवलिंग की अनुभूति का आधार है अमरनाथ यात्रा इस विषय पर गम्भीरता से प्रकाश डालते हुए डॉ. अभिषेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि सनातन परम्परा में आध्यात्मिक एवं धार्मिक स्थलों की बात करें तो अखण्ड भारत में जम्मू कश्मीर का आध्यात्मिक, भौगोलिक एवं पौराणिक दृष्टि से विशेष स्थान है। यहां की ज्ञान परम्परा सदा से ही उच्च कोटि की रही है। हमारे यहां उच्च कोटि के शिव योगी साधकों की साधना एवं धर्म के प्रति अटूट आस्था का दिग्दर्शन प्राच्यकाल से ही रहा है। वैसे ही अखण्ड भारत का सिरमौर मुकुटमणि जम्मू कश्मीर को शारदा देश, उतरा पथ एवं छोटी काशी के रूप में भी ग्रंथों में विस्तार से वर्णन किया गया है। क्या है अमरेश्वर धाम का पुराणों में माहात्म्य और अमरत्व का रहस्य। तो आइए जानते हैं इस अमरेश्वर धाम का महत्व और क्या है इस यात्रा का आध्यात्मिक एवं पौराणिक महत्व के साथ ही जानिए क्या है अमरनाथ धाम की विशेषता। भारतभूमि में आध्यात्मिक ऊर्जा के आधिक्य से देवी देवताओं के भूमि इस नाम से भी प्रसिद्ध हैं। यहां 51 शक्तिपीठों के साथ ही द्वादश ज्योतिर्लिङ्ग एवं अन्यान्य देव स्थानों पर और भी बहुत से सिद्ध एवं स्वयंभू शिवलिङ्ग का वर्णन शिव पुराण, लिङ्गपुराण, वेद, उपनिषद व धर्मग्रंथों में प्राप्त होता है। शिव का अर्थ कल्याण एवं लिङ्ग का अर्थ प्रतीक होता है, अर्थात् उस परमात्मा की कल्याणकारी सृजनात्मक शक्ति का प्रतीक है शिवलिङ्ग। शिवलिङ्ग साकार एवं निराकार ईश्वर का प्रतीक है जो परमात्मा-आत्मा-लिङ्ग का द्योतक है।
शिवलिङ्ग का अर्थ है शिव का आदि-अनादि स्वरूप शून्य, आकाश, अनन्त ब्रह्मांड और निराकार परमपुरुष का प्रतीक। स्कंदपुराण के अनुसार आकाश स्वयं लिङ्ग है। धरती उसका आधार है व अनंत शून्य से पैदा होकर, उसी में लय होने के कारण इसे लिङ्ग कहा है।लिङ्ग स्वरूप शिवतत्त्व का वर्णन करते हुए सूत जी कहते हैं-निर्गुण निराकार ब्रह्म शिव ही लिङ्ग के मूल कारण हैं तथा स्वयं लिङ्ग रूप भी हैं। शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गन्ध आदि से रहित अगुण, अलिङ्ग (निर्गुण) तत्त्व को ही शिव कहा गया है तथा शब्द- स्पर्श-रूप-रस-गन्धादि से संयुक्त प्रधान प्रकृति को ही उत्तम लिङ्ग कहा गया है। वह जगत के उत्पत्ति- स्थान है। पंच भूतात्मक अर्थात् पृथ्वी, जल, तेज, आकाश, वायु से युक्त है; स्थूल है, सूक्ष्म है, जगत् का विग्रह है तथा यह लिङ्ग तत्त्व निर्गुण परमात्मा शिव से स्वयं उत्पन्न हुआ है। महत्तत्त्व आदि से लेकर पंचमहाभूत पर्यन्त सभी तत्त्व अण्ड की उत्पत्ति करते हैं, इस सृष्टि में करोड़ों अण्डों (ब्रह्माण्डों) की स्थिति के विषय में कहा गया है। प्रधान (प्रकृत्ति) ही सदाशिव के आश्रय को प्राप्त करके इन करोड़ों ब्रह्माण्डों में सर्वत्र चतुर्मुख ब्रह्मा, विष्णु और शिव का सृजन करती है। इस सृष्टि की रचना, पालन तथा संहार करने वाले वे ही एकमात्र महेश्वर ही हैं। वे ही महेश्वर क्रम पूर्वक तीन रूपों में होकर सृष्टि करते समय रजोगुण से युक्त रहते हैं, पालन की स्थिति में सत्त्वगुण में स्थित रहते हैं तथा प्रलयकाल में तमोगुण से आविष्ट रहते हैं। वे ही भगवान् शिव प्राणियों के सृष्टिकर्ता, पालक तथा संहर्ता हैं- श्रीलिङ्गमहापुराण पू. भा. ४, ३५-३७ के श्लोक में इस विषय में विस्तृत वर्णन मिलता है।सर्गस्य प्रतिसर्गस्य स्थितेः कर्ता महेश्वरः।सर्गे च रजसा युक्तः सत्त्वस्थः प्रतिपालने।। प्रतिसर्गे तमोद्रिक्तः स एव त्रिविधः क्रमात् ।आदिकर्ता च भूतानां संहर्ता परिपालकः ।
ऐसे ही अद्भुत, चमत्कारी, प्राकृतिक स्वयंभू लिङ्ग के रूप में अमरेश्वर महादेव (अमरनाथ) का वर्णन मिलता है। अमरेश्वर महादेव (अमरनाथ) की गुफा की प्राचीनता की बात करें तो इसे भारतीय पुरातत्व विभाग ने 5 हजार वर्ष पूर्व में ही बताया है अर्थात् महाभारत काल में भी इस गुफा का अस्तित्व रहा होगा। जम्मू कश्मीर राज्य में स्थित होने के नाते इसकी प्रामाणिकता को यही के विश्वप्रसिद्ध विद्वानों द्वारा रचित एवं अन्य उपलब्ध धर्मग्रंथो के आधार पर सिद्ध करने का प्रयत्न किया जाएगा। कश्मीर में हुए राजवंशों के इतिहास लिखते समय महाकवि कल्हण ने 11 वीं सदी में विरचित राजतरंगिणी नामक ग्रन्थ में अमरेश्वर महादेव अर्थात अमरनाथ का वर्णन किया है। राजतरंगिणी एक ऐसी अद्भुत विद्वतापूर्ण रचना है जिसे प्रामाणिक ‘इतिहास’ कहा जाता है। राजतरंगिणी की प्रथम तरंग के 267 वें श्लोक में अमरेश्वर यात्रा का उल्लेख मिलता है कि कश्मीर के राजा सामदीमत शैव थे और वह पहलगाम के वनों में स्थित बर्फ के शिवलिंग की पूजा-अर्चना करने जाते थे। इसी ग्रंथ में अन्यत्र भी कवि कल्हण भगवान शिव के अमरनाथ स्वरूप को अमरेश्वर के नाम से संबोधित करते हैं। ज्ञात हो कि अमरेश्वर महादेव एक मात्र बर्फानी शिवलिंग है इसके अलावा विश्व में और कही भी प्राप्त होने का उल्लेख नहीं मिलता है।ऐसे तो हमारे ऋषियों द्वारा बताए गए सनातन परम्परा का ज्ञान जनमानस को हो उसके लिए बहुत से पुराणों की रचना हुआ। उपलब्ध पुराणों में ऐसा एक भी पुराण नही है जिसमें किसी एक क्षेत्र विशेष के बारे में कोई भी वर्णन किया गया हो मात्र नीलमत पुराण ही एक ऐसा पुराण है जिसमें जम्मू कश्मीर को विशेष रूप से ध्यानकर विद्वान ऋषि ने इसकी रचना किया हैं। नीलमत पुराण की रचना छठी सदी में हुई है। नीलमत पुराण में अमरनाथ यात्रा के बारे में स्पष्ट उल्लेख प्राप्त होता है। इस पुराण में कश्मीर के इतिहास, भूगोल, लोककथाओं एवं धार्मिक अनुष्ठानों का विस्तृत रूप में वर्णन मिलता है। इसमें अमरेश्वर महादेव के बारे में दिए गए वर्णन से पता चलता है कि छठी शताब्दी में लोग अमरनाथ यात्रा किया करते थे। बृंगेशसंहिता नामक ग्रंथ में भी अमरेश्वरतीर्थ का भौगोलिक स्थिति का बारंबार उल्लेख मिलता है।
अमरेश्वर गुफा की ओर जाते समय अनंतनया (अनंतनाग), माचभवन (मट्टन), गणेशबल (गणेशपुर), मामलेश्वर (मामल), चंदनवाड़ी, सुशरामनगर (शेषनाग), पंचतरंगिरी (पंचतरणी) आदि स्थलों का वर्णन मिलता है। पुराणों में तो इसे अमरेशतीर्थ, क्षणिक शिवलिंग और मुक्तिधाम कहा गया है। स्कन्दपुराण में भैरव भैरवी संवाद के कुछ अंश में महेश्वरखण्ड अरुणाचल माहात्म्य खण्ड’ में शिव के विभिन्न तीर्थों की महिमा की व्याख्या करते हुए ‘‘अमरेशतीर्थ को सब पुरुषार्थों का साधक बताया गया है। वहां ॐ कार नाम वाले महादेव और चण्डिका नाम से प्रसिद्ध पार्वती जी निवास करती हैं। मान्यता है कि जब भगवान् शिव ने देवी पार्वती को अमरकथा सुनाने का निश्चय किया तब उन्होंने अपने समस्त गणों को पीछे छोड़ दिया और अमरनाथ की गुफा की ओर बढ़ते गए। जहां अनंत नामक नाग को छोड़ा वह स्थान अनन्तनाग और जहां शेष नामक नाग को छोड़ा वह शेषनाग नाम से विख्यात है। इसी प्रकार जहां उन्होंने अपने नंदी बैल को छोड़ा वह स्थान बैलग्राम हुआ और बैलग्राम से अपभ्रंश होकर पहलगाम बना। अभिप्राय यह है कि जिस स्थान पर अमरेश्वर ने अमरकथा सुनाई वह स्थान जनशून्य था। फलस्वरुप इन नगरों के नामों से ही हमें शिव सायुज्य का आभास आज तक हो रहा है यही उस अमरकथा की अमरता का वास्तविक प्रमाण है। यदि हम अमरेश्वर गुफा में स्वयंभू शिवलिंग की प्राकृतिक स्वरूप की उत्पति की बात करें तो यह पूर्णरूप से आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक चमत्कार ही तो है यहां प्रत्येक मास हिमवत शिवलिंग शुक्लपक्ष की प्रतिपदा तिथि से बनाना प्रारम्भ होता है और यह क्रम अनवरत बढ़ता हुआ पूर्णिमा के दिन अपने सम्पूर्ण कलाओं से युक्त भव्य, दिव्य स्वरूप में दिखाई देता है, जैसे चंद्रमा शुक्लपक्ष की प्रतिपदा से बढ़ते बढ़ते पूर्णिमा को पूर्णरूप से दिखाई देता है। इसके साथ ही कृष्णपक्ष की प्रतिपदा से इसके स्वरूप का क्षय होने लगता है और अमावस्या तक पूर्ण से न के बराबर होता है। यह क्रम अनवरत चलते रहता है। आश्चर्य की बात यह है कि यह स्वयंभूलिंग निर्माण में कोई मानवीय प्रयास नहीं की जाती बल्कि यह प्राकृतिक रूप में ही सुलभ हो जाता है। ऐसे दुर्गम क्षेत्र में वर्षभर बर्फबारी के चलते अमरेश्वर महादेव का दर्शन केवल तपस्वी, योगीजन ही कर सकते है। वर्षभर आम जनता के लिए दर्शन सर्वसुलभ नहीं हो सकता इसीलिए हमारे ऋषियों ने इसके लिए ऋतुओं के अनुकूल तिथि को तय किया। प्रारम्भ से अमरेश्वर महादेव की गुफा दर्शन के लिए यात्रा केवल श्रावण शुक्लपक्ष की प्रतिपदा से पूर्णिमा तक यानी 15 दिन तक चलती रही, कुछ वर्ष पूर्व में यह यात्रा 1 माह के लिए शुरू हुई अब तो मौसम और व्यवस्था अनुसार दो महीने तक भी चल रही है।
बाबा बर्फानी तो सदा प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक स्वरूप में विराजमान रहते ही है। दर्शन के लिए जो मध्यकाल है श्रावण शुक्ल पूर्णिमा यानि रक्षाबंधन तिथि। प्राकृतिक बर्फबारी से गुफा में लगातार स्वयंभू शिवलिंग के साथ ही शिव परिवार की भी आकृतियां बर्फ के माध्यम से बनती रहती हैं और गुफा में बर्फ के स्वयंभू शिवलिंग बनने की प्रक्रिया को बार बार होते देख जनमानस ने इन्हें बर्फानी और हिमानी बाबा कहने लगा।पौराणिक अमरकथा के कुछ ऐसे भी रहस्य है जो अमरेश्वर गुफा में शिवलिंग के साथ-साथ इनसे ही गणेश और पार्वतीशक्तिपीठ की थी उत्पत्ति हुई है। विद्वान सन्तों का कहना है कि यहां माता सती के कंठ का निपात भी हुआ था। अमरेश्वर गुफा के मार्ग में पड़ने वाले चार पड़ाव पहलगाव, चंदनवाड़ी, शेषनाग व पंचतरणी का वर्णन लिंगपुराण में भी किया गया है। पांचवी शताब्दी में रचित लिंगपुराण के 12 वें अध्याय के 151 वे श्लोक में भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग की स्तुति में अमरेश्वर का उल्लेख के साथ एक पौराणिक कथा का वर्णन मिलता है कि इस पवित्र गुफा में भगवान शिव ने माता पार्वती को मोक्ष के मार्ग के बारे में बताया था और उन्हें अमृत्व तत्व देने वाली अमरकथा सुनाई थी यही कारण है कि भगवान शिव के इस धाम को अमरेश्वर धाम भी कहा गया है। इस अमरत्व की कथा सुनाने के लिए भगवान शिव ने पंचतत्वों का त्याग किया था। भगवान शिव ने यह अमरकथा सुनाने के लिए पंचतत्वों में पृथ्वी, जल, वायु, आकाश और अग्नि का त्याग किया था। सर्वप्रथम पहलगांव में इन्होंने नंदी बैल को त्यागा था उसके बाद चंदनवाड़ी में अपनी जटाओं से चंद्रमा का त्याग किया। चंद्रमा का त्याग करने के पश्चात भगवान शिव शेषनाग झील पहुंचे जहां पर उन्होंने अपने गले से सर्पों का त्याग किया उसके बाद महागुणस पर्वत पर पहुंचकर गणेश जी का त्याग किया जब भगवान ने अपना सर्वस्व त्याग दिया उसके पश्चात पंचतरणी स्थान पर पहुंच कर अपने शरीर के अवयव वाले पांच तत्वों को त्यागा उसके बाद पर्वत मालाओं पर पहुंचकर माता पार्वती को अमरत्व की यह कथा सम्यक रूप से सुनाई थी। हालांकि कुछ तथ्य ऐसे भी प्राप्त होते हैं कि जब भगवान शिव पार्वती जी को अमरकथा सुना रहे थे उस समय एक कबूतर के जोड़े ने उनकी कथा को छिपकर सुन लिया था जिसके कारण वे दोनों कबूतर भी अमरत्व को प्राप्त हो गए और ऐसी मान्यता है कि वे आज भी इसी गुफा में रहते हैं और कभी कभी उनकी युगल जोड़ी तीर्थयात्रियों को दिखाई भी देते हैं।अगर उपरोक्त साक्ष्यों की माने तो यह बात बिल्कुल स्पष्ट है कि भगवान शिव के अमरेश्वर शिवलिंग की खोज 1850 में नही हुई और ना ही किसी मुस्लिम गरेड़िया ने इसकी खोज की। यह आश्चर्य का विषय है विगत वर्ष कुछ जानकर लोगों से पता चला है कि आज भी बोर्ड द्वारा चढ़ावे का एक चौथाई हिस्सा उस गरेडिया मुसलमान के वंशजों को अमरेश्वर शिवलिंग को खोजने के नाम पर दिया जाता है। जो सनातन परम्परा के लिए चिंतनीय एवं विचारणीय है। जब अमरेश्वर महादेव के विषय में इतने साक्ष्य हमारे ग्रन्थों में भरे पड़े है तो उन्हें यह चढ़ावा की यहां यात्रा में किसी भी व्यवस्था से प्राप्त राशि उन्हें क्यों दी जा रही है। पूर्व में ही इस स्वयंभू लिंग के विषय में हमारे ऋषियों ने अपने मेधा शक्तियों के द्वारा शास्त्रों में वर्णित कर दिया था।
अमरेश्वर महादेव की यात्रा तो पहले से ही की जाती थी। कालक्रम में कुछ समय के लिए आक्रांताओं द्वारा यात्रा में कुछ व्यवधान अवश्य उत्पन्न किया गया था। लेकिन जनमानस की दृढ़ विश्वास और संकल्प शक्ति के कारण बार बार व्यवधान होने के बाद भी यात्रा चलती रही। आज धर्म के प्रति युवा पीढ़ी के झुकाव एवं भारतीय जनमानस की श्रद्धा के आधिक्य को देखते हुए भारत सरकार के दिशा निर्देश में वर्तमान जम्मू कश्मीर का नेतृत्व कर रही उप राज्यपाल महोदय श्रीमान मनोज सिन्हा जी की दूरदर्शी एवं आध्यात्मिक प्रकाष्ठा पर विश्वास रखने वाली शासन के साथ ही समय समय पर वास्तविकता से जनता को जगाने वाले संवादाताओं के माध्यम से अमरेश्वर महादेव की यात्रा में समुचित व्यवस्था के साथ ही दर्शन करने वाले यात्रियों में उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है। आज जम्मू कश्मीर पुनः अपने गौरवशाली परंपरा को प्राप्त कर आध्यात्मिकता को प्राप्त हो रहा है। आध्यात्म की इसी प्रकाष्ठा के कारण इसे अखण्ड भारत का सिरमौर कहा जाता हैं। प्राकृतिक, आध्यात्मिक एवं वैज्ञानिकता की प्रकाष्ठा का द्योतक है अमरेश्वर धाम की यात्रा। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री अमरनाथ की वार्षिक यात्रा 3 जुलाई से आरंभ होकर 9 अगस्त तक के लिए सुनिश्चित है।
इस अवसर पर वर्षभर बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए लालायित श्रद्धालु शिवभक्त विश्वभर से भूत भावन बाबा अमरेश्वर के दर्शनार्थ आते है। यह यात्रा पूर्ण से साक्षात प्राकृतिक हिमवत लिंग स्वरूप में विराजमान भोलेनाथ के विशेष विग्रह के दर्शन करके पूर्णता को प्राप्त होती है। आध्यात्मिक एवं साधना की दृष्टि से विचार करे तो यह यात्रा सम्यक प्रकार से शिव सायुज्य की अनुभूति कराती है। तीर्थो में जाकर स्नान, दान एवं दर्शन करने पर जो पुण्य मिलते है उसके बारे में शास्त्रों में जो वर्णन मिलता है उसे विद्वानों ने मुक्त कंठ से बखान किया है। जैसे काशी में भूतभावन बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ जी के लिंग दर्शन का पुण्य, प्रयाग से सौ गुना और नैमिषारण्य तीर्थ से हजार गुना अधिक पुण्य बाबा बर्फानी के दर्शन करने से मिलता है। इतना ही नहीं अमरनाथ तीर्थ करने से व्यक्ति को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद के साथ मनोवांक्षित फल भी प्राप्त होता है। यही कारण है कि भक्त पूरे श्रद्धाभाव के साथ इस कठिन यात्रा को पूरा करते हैं और बाबा बर्फानी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करते हैं। बाबा बर्फानी की सब पर ऐसी ही कृपा बनी रहे इसी आशा के साथ जो भी शिवभक्त अभी तक इस यात्रा को नही कर पाए है वे रजिस्ट्रेशन करवाकर नियमानुसार अवश्य यात्रा में जाए। अन्त में एक विशेष बात यह है कि तीर्थयात्राएँ मानव इतिहास की जननी रही हैं। यात्राओं से ही इतिहास बना है और उसी इतिहास ने आज तक मानव सभ्यता में भगवान को स्थापित किया है।हर हर महादेव।लेखक – डॉ. अभिषेक कुमार उपाध्याय, मुख्य न्यासी श्री श्री 1008 श्री मौनी बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट न्यास एवं मन्दिर एवं गुरुकुल योजना सेवा प्रमुख जम्मू कश्मीर प्रान्त।