जलजमाव और जाम से निपटने को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

स्वच्छता, यातायात, विद्यालयों की आपदा तैयारी और पर्व-त्योहारों की व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

दीपक कुमार, खगड़िया।

- Sponsored Ads-

जिले में जलजमाव, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, विद्यालयों की आपदा संबंधी तैयारियों एवं आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने शनिवार को समीक्षा बैठक की। डीएम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नगर निकाय क्षेत्रों में जलजमाव वाले स्थानों पर नियमित सफाई, जलनिकासी और वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया। सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कार्यों की नियमित निगरानी का निर्देश दिया गया। विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं को देखते हुए खेल मैदानों की सफाई, समतलीकरण और आवश्यक रखरखाव के साथ जरूरत के अनुसार पानी का छिड़काव तथा मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में बीयूआईडीसीओ की ओर से नगर निकायों में संचालित योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। डीएम ने योजनाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित वरीय पदाधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।

शहर में यातायात जाम की समस्या को लेकर बस स्टैंड, राजेंद्र सरोवर सहित प्रमुख स्थलों की व्यवस्था की समीक्षा की गई। सड़क पर बालू-गिट्टी व अन्य सामग्री रखने, अस्थायी अतिक्रमण, फुटपाथ पर अनधिकृत दुकानें और सड़क पर वाहनों की पार्किंग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

टाउन वेंडिंग कमेटी के माध्यम से फुटपाथी विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान सुनिश्चित करने, ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने तथा प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी और संवेदनशील स्थलों की पहचान पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण, सार्वजनिक सुविधाओं और विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment