— 22 से 26 नवंबर तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान, बगहा-1 और बगहा-2 में घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
बगहा
पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने के लिए रविवार से पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। 22 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जिंदगी की पिलाई जाएगी।
अभियान का शुभारंभ वाल्मीकिनगर विधायक सुरेन्द्र प्रसाद ने हरनाटांड़ में एक नवजात को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के दौरान कोई भी बच्चा खुराक से वंचित नहीं रहे, इसके लिए व्यापक तैयारी की है।
बगहा-1 और बगहा-2 पीएचसी की ओर से अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें तैनात की गई हैं। इसके तहत डोर-टू-डोर टीमों को घर-घर जाकर बच्चों को खुराक पिलाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर ट्रांजिट टीमों की तैनाती की गई है, ताकि यात्रा के दौरान भी पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा सके।
बगहा-2 पीएचसी प्रभारी डॉ. केबीएन सिंह ने बताया कि अभियान के तहत कुल 94,335 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 164 डोर-टू-डोर टीमें, 36 ट्रांजिट टीमें और 59 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। इसके अलावा एक डिपो, 12 सब डिपो और 36 ट्रांजिट प्वाइंट बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए वे स्वयं क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। सभी स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है। कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग का प्रयास है कि अभियान के पांच दिनों में शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा सके।
