— स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार बोले- एलोपैथ के साथ आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी चिकित्सा का समन्वय जरूरी; आयुष चिकित्सकों की समस्याओं पर भी हुई चर्चा
बगहा
एनीमिया यानी खून की कमी आज देश के सामने एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है। इसका सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। यह न केवल उनके शारीरिक विकास, बल्कि समग्र स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता को भी प्रभावित करता है। इससे समाज को मुक्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। ये बातें बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोमवार को वाल्मीकिनगर स्थित महावना रिसोर्ट एवं कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं। इंडियन आयुष मेडिकल एसोसिएशन की ओर से ‘एनीमिया मुक्त भारत’ विषय पर आयोजित आयुष महाकुंभ-2026 का उद्घाटन मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मंत्री ने बताया कि 25 अगस्त से 30 नवंबर तक प्रदेश के सभी 38 जिलों में एनीमिया मुक्त बिहार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष रूप से जांच और स्क्रीनिंग कराई जा रही है। अब तक करीब 1.50 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अभियान में हल्के, मध्यम और गंभीर एनीमिया से पीड़ित लोगों की पहचान कर उन्हें उचित उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। जागरूकता, समय पर जांच, उचित उपचार और सामूहिक सहभागिता से ही अभियान सफल होगा।
आयुष चिकित्सा पद्धति को भी किया जाएगा विकसित

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए केवल एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी जैसी चिकित्सा पद्धतियों को भी विकसित करने की जरूरत है। आयुष अस्पतालों में दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाई जाएगी। चिकित्सकों को बेहतर प्रशिक्षण देने के साथ आयुष डॉक्टरों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। पटना और बेगूसराय के आयुर्वेदिक अस्पतालों को विकसित करने की योजना पर काम हो रहा है। आयुष चिकित्सकों द्वारा मरीजों को दी जाने वाली दवाओं का इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। इससे बीमारी के अनुसार दवाओं और उनके परिणामों का आकलन कर भविष्य में अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा।
चिकित्सकों ने रखी व्यावहारिक समस्याएं
सम्मेलन में आयुष चिकित्सकों ने अपनी समस्याएं भी मंत्री के सामने रखीं। चिकित्सकों का कहना था कि उन्हें एलोपैथिक दवाएं लिखने का अधिकार नहीं है, जबकि ड्यूटी के दौरान कई बार मरीजों की स्थिति को देखते हुए तत्काल दवा देना जरूरी हो जाता है। उन्होंने इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। मंत्री ने चिकित्सकों के सुझावों की सराहना करते हुए कहा कि सभी चिकित्सा पद्धतियों के समन्वय से स्वास्थ्य व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री बनने
के बाद निशांत कुमार का वाल्मीकिनगर का यह पहला आधिकारिक दौरा था। इससे पहले वे 3 मई 2026 को जदयू युवा नेता के रूप में सद्भाव यात्रा की शुरुआत करने यहां पहुंचे थे। सम्मेलन में वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार, विधायक सुरेंद्र प्रसाद, पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी भीष्म सहनी, प्रभात रंजन सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, चिकित्सक और स्वास्थ्य विशेषज्ञ मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना, धन्वंतरि वंदना और स्वागत गान से हुई।

