जमुई :पुलिस कप्तान ने लिया बड़ा एक्शन, थानाध्यक्ष सहित अपर थानाध्यक्ष सस्पेंड, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

मृगांक शेखर सिंह: जमुईजमुई के पुलिस कप्तान विश्वजीत दयाल ने दो पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, जमुई निर्धारित किया गया है.

जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए चंद्रदीप थानाध्यक्ष अरविंद कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक अमरजीत कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. विभागीय जांच में दोनों अधिकारियों पर कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता, अमानवीय व्यवहार, परिवादी को अवैध रूप से थाने में रोककर समझौते का दबाव बनाने, संज्ञेय अपराध की सूचना के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं करने और सीसीटीवी प्रणाली के संचालन और रखरखाव में गंभीर लापरवाही के आरोप सही पाए गए. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.मामला सुरेश यादव की ओर से दिए गए आवेदन से जुड़ा है.

- Sponsored Ads-

शिकायत के अनुसार, 17 जून को उनकी मां के साथ हुई मारपीट की सूचना चंद्रदीप थाना को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की. 18 जून को आवेदन देने के बाद 19 जून को उन्हें थाना बुलाया गया, जहां करीब आठ घंटे तक अवैध रूप से बैठाकर समझौते का दबाव बनाया गया.मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विश्वजीत दयाल ने जांच का जिम्मा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन को सौंपा.

जांच रिपोर्ट में पाया गया कि थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरती, न्यायिक प्रक्रिया को बाधित किया और परिवादी को अवैध रूप से निरुद्ध कर समझौते के लिए दबाव बनाया. वहीं, पुलिस अवर निरीक्षक अमरजीत कुमार इस पूरे मामले में थानाध्यक्ष के मुख्य सहयोगी पाए गए.

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि संज्ञेय अपराध की सूचना मिलने के बावजूद समय पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई, जो सर्वोच्च न्यायालय के ‘ललिता कुमारी बनाम उत्तर प्रदेश सरकार’ मामले में दिए गए दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है.

साथ ही थाने की सीसीटीवी प्रणाली के सुचारु संचालन और रखरखाव के प्रति भी दोनों अधिकारी पूरी तरह उदासीन रहे.विभागीय आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले 8 मई 2026 को अनुसूचित जाति के परिवादी रंजीत कुमार चौधरी के मामले में भी प्राथमिकी दर्ज करने में टालमटोल का मामला सामने आया था.

उस प्रकरण में भी पुलिस अवर निरीक्षक अमरजीत कुमार के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा चुकी है.जांच प्रतिवेदन के आधार पर जमुई के पुलिस कप्तान विश्वजीत दयाल ने दोनों पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया है.

निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, जमुई निर्धारित किया गया है.

विभाग की इस सख्त कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment