नियुक्ति पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, संगठन को मजबूत करने और युवाओं की आवाज बुलंद करने का लिया संकल्प
दीपक कुमार, खगड़िया।
जनता दल (यूनाइटेड) ने संगठन के विस्तार के तहत खगड़िया के सोनू अग्रवाल को बिहार प्रदेश युवा जदयू का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की खबर से जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और युवाओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए सोनू अग्रवाल को बधाई दी है।

नवनियुक्त प्रदेश महासचिव सोनू अग्रवाल ने नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, प्रदेश युवा अध्यक्ष डॉ. नीतीश पटेल और खगड़िया सदर विधायक बब्लू मंडल सहित अन्य नेताओं का धन्यवाद किया।
सोनू अग्रवाल ने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करेंगे। उनका लक्ष्य संगठन को मजबूत करना और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं पार्टी के विचारों को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।
युवाओं को संगठन से जोड़ने पर रहेगा जोर
सोनू अग्रवाल ने कहा कि बिहार के युवाओं को सशक्त मंच प्रदान करना और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। वे जिला से लेकर पंचायत स्तर तक युवाओं को संगठन से जोड़ने और उन्हें समाज एवं राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, साथियों और शुभचिंतकों के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और समर्थन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सोनू अग्रवाल की नियुक्ति पर जिले के कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में युवा संगठन की गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
