जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के तीसरे दिन 684 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

बालक कबड्डी में 409 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, जेएनकेटी स्टेडियम व खेल भवन में विभिन्न खेलों का हुआ आयोजन

दीपक कुमार, खगड़िया।

- Sponsored Ads-

जिला प्रशासन के निर्देश पर आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 के तीसरे दिन बुधवार को विभिन्न खेल विधाओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। तीसरे दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में कुल 684 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

जेएनकेटी स्टेडियम में क्रिकेट, हॉकी, साइकिलिंग और वॉलीबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं खेल भवन, खगड़िया में बालक कबड्डी, शतरंज और टेबल टेनिस के मुकाबले हुए। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में भी उत्साह देखा गया।

खेलवार आंकड़ों के अनुसार बालक कबड्डी में सर्वाधिक 409 खिलाड़ियों, वॉलीबॉल में 136, क्रिकेट में 81, हॉकी में 25, साइकिलिंग में 19 तथा टेबल टेनिस में 16 खिलाड़ियों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी ने जिले में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को भी उजागर किया।

इसके अलावा जेएनकेटी स्टेडियम में अनुमंडल पदाधिकारी, खगड़िया की मौजूदगी में बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया गया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना, अनुशासन एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

जिला प्रशासन की ओर से सभी आयोजन स्थलों पर खिलाड़ियों की सुविधा के लिए आवश्यक खेल संसाधन, पेयजल, चिकित्सा सहित अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रतियोगिता में लगातार बढ़ रही विद्यार्थियों की भागीदारी से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक माहौल बन रहा है।

आज इन खेलों में होगा मुकाबला

प्रतियोगिता के चौथे दिन जेएनकेटी स्टेडियम में रग्बी, सेपक टकरा, तीरंदाजी और खो-खो की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं खेल भवन, खगड़िया में तलवारबाजी के मुकाबले होंगे।

जिला प्रशासन का लक्ष्य विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि खगड़िया के प्रतिभावान खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment