छपरा:महाविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय जगलाल चौधरी की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का हुआ आयोजन

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

छपरा सदर। जगलाल चौधरी महाविद्यालय, छपरा के सभागार में गुरुवार को महाविद्यालय के संस्थापक एवं शिक्षा के मसीहा स्वर्गीय जगलाल चौधरी की जयंती के अवसर पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का आरंभ संस्थापक के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके उपरांत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र प्रसाद यादव ने स्वर्गीय जगलाल चौधरी के जीवन, शिक्षा के प्रति उनके अगाध समर्पण तथा इस क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने हेतु किए गए उनके अविस्मरणीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चौधरी जी का सपना था कि इस क्षेत्र के युवा उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर समाज में एक नई पहचान बनाएं और आज यह महाविद्यालय उनके उसी सपने को साकार करने का माध्यम है।

- Sponsored Ads-


श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने संस्थापक की दूरदर्शिता, सादगी और सेवाभाव को याद किया तथा उनके आदर्शों पर चलकर महाविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए शिखर पर पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। शिक्षकों ने कहा कि चौधरी जी ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे शक्तिशाली हथियार माना था और उनकी इसी सोच को आगे बढ़ाना हम सबका कर्तव्य है।


इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने संस्थापक के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने तथा महाविद्यालय की गरिमा को बनाए रखने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment