छपरा:पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन -सह-सम्मान समारोह आज कई पुस्तको एवं महाविद्यालय की पत्रिका का होगा विमोचन

Rakesh Gupta
- Sponsored Ads-

महाविद्यालय के सौन्दर्यीकृत मुख्य द्वार का होगा लोकार्पण

छपरा। राजेंद्र महाविद्यालय, छपरा में गुरुवार को पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर कॉलेज परिवार अपने गौरवशाली अतीत को स्मरण करते हुए पूर्व छात्रों, शिक्षाविदों एवं जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन करेगा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. उदय शंकर पांडे ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. परमेंद्र कुमार बाजपेई, कुलपति, जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा करेंगे। मुख्य अतिथि प्रो.रामबचन राय, उपसभापति, बिहार विधान परिषद, साथ ही विशिष्ट अतिथियों में जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सांसद महराजगंज; महाचन्द्र प्रसाद सिंह, पूर्व मंत्री सह अध्यक्ष सवर्ण आयोग, बिहार; प्रो. वीरेंद्र नारायण यादव, विधान पार्षद; छोटी कुमारी, विधायक छपरा; बड़ोदरा विश्वविद्यालय, गुजरात से प्रो. अरुण प्रताप तथा छपरा नगर निगम के महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

- Sponsored Ads-

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सौंदर्यीकृत मुख्य द्वार का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘राका’ का विमोचन तथा प्राध्यापक डॉ. संजय कुमार एवं नीलांबरी गुप्ता द्वारा लिखित पुस्तकों का भी लोकार्पण प्रस्तावित है। इसमें पूर्ववर्ती छात्रों को भी अपने संस्मरणों को साझा करने का एक सत्र निर्धारित है।

राजेंद्र कॉलेज, छपरा की स्थापना वर्ष 1938 में हुई थी। यह बिहार के सारण प्रमंडल का एक प्रतिष्ठित, ऐतिहासिक, अग्रणी शिक्षण संस्थान है। हाल ही में बिहार सरकार ने इसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस घोषित किया है।अपने स्थापना काल से ही यह महाविद्यालय उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देता रहा है। कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करते हुए इस संस्थान ने हजारों छात्रों को शिक्षित कर देश-प्रदेश के विभिन्न प्रशासनिक, शैक्षणिक, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में नेतृत्व प्रदान किया है। यह महाविद्यालय जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा से संबद्ध है तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के लिए विख्यात रहा है।

यहाँ से शिक्षित अनेक पूर्ववर्ती छात्र आज प्रशासनिक सेवाओं, विश्वविद्यालयों, न्यायपालिका, चिकित्सा, अभियंत्रण, सेना एवं राजनीति के उच्च पदों पर आसीन हैं।पूर्ववर्ती छात्र सम्मेलन सह सम्मान समारोह का उद्देश्य कॉलेज और उसके पूर्व छात्रों के बीच सशक्त संवाद स्थापित करना, संस्थान के विकास हेतु सुझाव प्राप्त करना तथा समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व छात्रों को सम्मानित करना है। प्राचार्य ने सभी पूर्ववर्ती छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

- Sponsored Ads-
Share This Article
Leave a Comment