मृगांक शेखर सिंह/ जमुई:जमुई जिला अंतर्गत गिद्धौर प्रखंड के पतसंडा पंचायत निवासी समाजसेवी स्व. प्रमोद कुमार सिंह की पत्नी एवं भाजपा नेता कुमार सुदर्शन सिंह की माता शैल सिंह का हृदयाघात से तड़के निधन हो गया।
वह कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। मृदुभाषी और सामाजिक सरोकारों के लिए जानी जाने वाली शैल सिंह का असमय निधन परिवार और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
उनके पार्थिव शरीर को नयागांव, कुंधुर पंचायत स्थित पैतृक आवास पर अंतिम दर्शन के लिए ले जाया गया। उनके निधन पर परिजन खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, पूर्व सांसद पुतुल कुमारी, जदयू नेता कुमार त्रिपुरारी सिंह, कुंधुर पैक्स अध्यक्ष दिनेश सिंह, पुत्र लेखक चिंटू सिंह सहित अनेक जन प्रतिनिधि, समाजसेवी व बुद्धिजीवियों ने गहरा शोक जताया है व दिवंगत आत्मा की शांति की ईश्वर से कामना की है।
