सीवान. जय प्रकाश विश्वविद्यालय छपरा द्वारा जारी नामांकन संबंधी अधिसूचना के आलोक में विद्या भवन महिला महाविद्यालय सीवान में शैक्षणिक सत्र 2026-28 से स्नातकोत्तर में नामांकन की तिथि बढ़ाई गई है. महाविद्यालय में प्रथम चरण में होम साइंस, राजनीति विज्ञान एवं मनोविज्ञान विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाओं के लिए नामांकन लिया जाएगा।
यह पहल क्षेत्र की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर प्रदान करेगी तथा उन्हें अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.विश्वविद्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार स्नातकोत्तर नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.jpv.ac.in के माध्यम से किया जाएगा. आवेदन की अंतिम तिथि 17 जुलाई निर्धारित की गई है.
अभ्यर्थी 17 जुलाई तक विश्वविद्यालय द्वारा जारी प्रक्रिया के अनुसार अपने आवेदन का सत्यापन एवं आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण कर सकेंगे. साथ ही, 16 एवं 17 जुलाई को आवेदन में त्रुटि सुधार का अवसर भी उपलब्ध रहेगा. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.(प्रो.) चन्द्र भूषण सिंह ने बताया है कि छात्राएं स्नातक में लिये गये ऑनर्स अथवा सब्सिडरी विषय में आवेदन कर सकती हैं.
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएँ. विद्या भवन महिला महाविद्यालय में स्नातकोत्तर की शुरुआत से सिवान एवं आसपास के क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी.
