डॉo संजय (हाजीपुर)-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति-सह-जिला पदाधिकारी, वैशाली, वर्षा सिंह के निर्देश के आलोक में जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रत्येक शनिवार को ‘नदी क्यों जरूरी है’ विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच नदी एवं जल संरक्षण के महत्व पर चर्चा के साथ-साथ नदी संरक्षण की शपथ भी दिलाई जा रही है।जिला पदाधिकारी, वर्षा सिंह ने शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियों के आयोजन पर विशेष जोर देते हुए कहा है कि बच्चों एवं युवाओं को पर्यावरण और नदियों के संरक्षण से जोड़ना दीर्घकालिक परिणामों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार, समाज एवं आसपास के लोगों को भी नदी संरक्षण के प्रति जागरूक कर सकते हैं तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नदियों के महत्व, नदी एवं जलस्रोतों की स्वच्छता, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाया जा रहा है।
साथ ही उन्हें दैनिक जीवन में जल एवं पर्यावरण संरक्षण के व्यवहार को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, वैशाली, रविंद्र कुमार के मार्गदर्शन में तथा जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, वैशाली, मुनेश कुमार के समन्वय एवं देखरेख में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रत्येक शनिवार को इन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कराया गया।जिला प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को ‘नदी संरक्षण के दूत’ के रूप में तैयार करना है ताकि वे नदी संरक्षण के संदेश को अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाएं तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
