डॉo संजय (हाजीपुर)-जिला पदाधिकारी वैशाली, वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के अंतर्गत हाजीपुर प्रखंड के जढुआ स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-76 में “सखी वार्ता” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा महिला एवं बालिका कल्याण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन समन्वयक, मुक्ति श्रीवास्तव ने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को लैंगिक हिंसा, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा एवं शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर , प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना , मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना , बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के उद्देश्यों, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 181, वन स्टॉप सेंटर एवं अन्य उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में भी बताया गया। महिलाओं को किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण अथवा अन्य समस्या की स्थिति में इन सहायता सेवाओं का उपयोग कर समय पर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह की रोकथाम को लेकर उपस्थित लोगों को शपथ भी दिलाई गई।
उपस्थित लोगों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने तथा अपने स्तर से इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में आंगनवाड़ी सेविका, मीणा, सहायिका, इन्दु देवी सहित स्थानीय महिलाओं एवं पुरुषों की सक्रिय भागीदारी रही। सामुदायिक सहभागिता के साथ आयोजित “सखी वार्ता” कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
